जांजगीर-चांपा , फरवरी 16 -- छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले में एक बेहद दुखद घटना ने पूरे इलाके को शोक में डुबो दिया। इकलौते बेटे की असमय मौत से आहत दंपति ने कथित तौर पर आत्मघाती कदम उठा लिया। सोमवार सुबह दोनों के शव उनके घर के पास पेड़ से फंदे पर लटके मिले।
मृतकों की पहचान धरदेई गांव निवासी रमाबाई पटेल (47) और कृष्णा पटेल (48) के रूप में हुई है। घटना शिवरीनारायण थाना क्षेत्र की बताई जा रही है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू की।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार कुछ दिन पहले ही दंपति के इकलौते पुत्र की सड़क दुर्घटना में मृत्यु हो गई थी। बेटे की मौत के बाद से दोनों गहरे सदमे में थे। परिजनों और ग्रामीणों के मुताबिक वे लगातार मानसिक तनाव में रह रहे थे।
आज सुबह स्थानीय लोगों ने दोनों को पेड़ से लटका देखा और तत्काल पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने शवों को नीचे उतारकर पंचनामा तैयार किया तथा पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मामले में मर्ग कायम कर जांच की जा रही है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आत्महत्या के पीछे मानसिक आघात प्रमुख कारण प्रतीत हो रहा है, हालांकि सभी पहलुओं से जांच की जा रही है। घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित