बेंगलुरु , जनवरी 14 -- सूचना प्रौद्योगिकी कंपनी इंफोसिस का शुद्ध मुनाफा चालू वित्त वर्ष की तीसरी तिमाही (अक्टूबर-दिसंबर 2025) में 2.2 प्रतिशत घटकर 6,654 करोड़ रुपये रह गया।
कंपनी ने बुधवार को वित्तीय परिणामों के आंकड़े जारी करते हुए बताया कि इस दौरान उसका राजस्व सालाना आधार पर 8.9 प्रतिशत बढ़कर 45,479 करोड़ रुपये दर्ज किया गया। राजस्व की तुलना में खर्च ज्यादा तेजी से बढ़ा। इसमें 12.1 फीसदी की बढ़ोतरी हुई और यह 32,652 करोड़ रुपये हो गया।
कंपनी ने बताया कि 31 दिसंबर 2025 को समाप्त तिमाही में उसे 55.9 प्रतिशत राजस्व उत्तरी अमेरिका से प्राप्त हुआ। यूरोप से 32.7 प्रतिशत और भारत से 2.8 प्रतिशत राजस्व मिला। दुनिया के अन्य हिस्सों से उसकी 8.6 प्रतिशत कमाई हुई।
इंफोसिस के निदेशक मंडल की मंगलवार को हुई बैठक में वित्तीय परिणामों के अलावा अन्य महत्वपूर्ण प्रस्तावों को भी मंजूरी प्रदान की गयी। एक प्रस्ताव कंपनी के मुख्य कार्यकारी अधिकारी एवं प्रबंध निदेशक सलिल पारेख को तीन करोड़ रुपये बाजार मूल्य के प्रतिबंधित शेयर आवंटित करने की मंजूरी दी गयी। यह आवंटन साल 2015 की स्टॉक प्रोत्साहन क्षतिपूर्ति योजना के तहत किया गया है जो 01 फरवरी से प्रभावी होगा।
एक अन्य प्रस्ताव में योग्य कर्मचारियों को पांच रुपये अंकित मूल्य के 6,914 प्रतिबंधित शेयरों के आवंटन को मंजूरी दी गयी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित