भैरमगढ़/बीजापुर , जनवरी 22 -- छत्तीसगढ़ के भैरमगढ़ में इंद्रावती नदी में नाव पलटने से डूबे लोगों में से दो शवों को गुरुवार को राहत एवं बचाव दल ने बरामद किया है। इनमें महिला एवं एक बच्चे का शव है। महिला के श्वसुर और दूसरे बच्चे की तलाश जारी है।

इस दुर्घटना में पांच लोग नदी में गिरे थे। एक महिला को स्थानीय लोगों ने निकाल लिया था। उसपरी घाट से सात किलोमीटर दूर गांव बोडगा के पांच लोग बुधवार की शाम बाजार से खरीददारी करके घर लौटना चाहते थे, रास्ते की नदी को डोंगी (नाव) के सहारे पार करने की कोशिश के दौरान डोंगी के पलट जाने के कारण यह हादसा हुआ है। हादसा कल शाम पांच बजे के आसपास हुआ था।

भैरमगढ़ ब्लॉक के एसडीएम विकास सर्वे ने दो शव मिलने की पुष्टि की है। एसडीएम के मुताबिक ग्रामीणों ने दूसरे लापता व्यक्ति को मृतका का श्वसुर बताया है।

जिला प्रशासन को हादसे की खबर कल ही हो गई थी, एसडीआरएफ के अधिकारी ही घटनास्थल पर जा पहुंचे थे। रात के अंधेरे में राहत एवं बचाव कार्य नहीं किया जा सकता था। सुबह होते ही इलेक्ट्रॉनिक बोट के सहारे गोताखोरों ने लापता लोगों को खोजना शुरु किया था। आदिवासी महिलाएं छोटे बच्चों को कपड़े से लपेटकर गोद में लिए रहती हैं, शव इसी हालत में बरामद किए गए हैं।

बीजापुर के विधायक विक्रम मंडावी मौके पर हैं यहां राहत एवं बचाव कार्य की निगरानी विधायक खुद कर रहे हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित