इंदौर , जनवरी 31 -- इंदौर के एमआईजी थाना क्षेत्र अंतर्गत श्रीनगर कॉलोनी में 12 वर्षीय बालक अली कादरी की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। बालक का शव कॉलोनी स्थित श्रीदेवी अपार्टमेंट के एक फ्लैट में पलंग पेटी से बरामद किया गया है। शव पर धारदार हथियार से वार किए जाने के कई निशान पाए गए हैं। पुलिस ने इसी फ्लैट में रहने वाले युवक रेहान और एक नाबालिग को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार श्रीनगर कॉलोनी निवासी 12 वर्षीय अली कादरी शुक्रवार शाम से लापता था। परिजनों द्वारा काफी तलाश के बाद एमआईजी थाना पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की, जिसमें अली की आखिरी लोकेशन श्रीदेवी अपार्टमेंट में पाई गई। जांच के दौरान अपार्टमेंट में रहने वाला युवक रेहान पूरे समय पुलिस के साथ मौजूद रहा और संदिग्ध इमारतों की तलाशी के दौरान पुलिस को गुमराह करता रहा।
इसी बीच देर रात डायल 112 पर किसी निवासी ने बचाओ-बचाओ की आवाज सुनाई देने की सूचना दी, जिसकी लोकेशन भी श्रीदेवी अपार्टमेंट बताई गई। पुलिस मौके पर पहुंची और तलाशी ली, लेकिन उस समय कोई संदिग्ध गतिविधि सामने नहीं आई।
शनिवार सुबह अपार्टमेंट के पांचवें फ्लोर से अली की खून से सनी जैकेट बरामद हुई, वहीं बिल्डिंग के नीचे उसका स्कूल बैग भी मिला। इसके बाद पुलिस ने एक बार फिर अपार्टमेंट के सभी फ्लैटों की सघन तलाशी ली। इसी दौरान रेहान के घर की पलंग पेटी से अली का शव बरामद हुआ। बताया गया है कि तलाशी के समय पलंग पर एक महिला सोई हुई थी, जिससे पहले किसी को शक नहीं हुआ।
पुलिस को अपार्टमेंट की छत पर खून से सनी जैकेट के पास हाथ और पैर के निशान भी मिले हैं। पूछताछ के दौरान रेहान ने पुलिस के सामने शव को पलंग पेटी में छुपाने की बात स्वीकार कर ली। वहीं फ्लैट में रखी वाशिंग मशीन से अली और रेहान के कपड़े पानी में डूबे हुए मिले, जिससे साक्ष्य मिटाने की कोशिश की आशंका जताई जा रही है।
शव को पोस्टमार्टम के लिए एमवाय अस्पताल भेज दिया गया है। क्षेत्रीय डीसीपी कुमार प्रतीक ने बताया कि मामले में पुलिस को गुमराह करने वाले आरोपी रेहान और एक नाबालिग को गिरफ्तार कर लिया गया है। घटना के सभी पहलुओं की गहन जांच की जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित