सक्ती , फरवरी 14 -- छत्तीसगढ़ में सक्ती जिले के एक मजदूर की मध्यप्रदेश के इंदौर शहर में हत्या का मामला सामने आया है। मृतक की पहचान सक्ती जिले के निवासी भोजराम नारंगे के रूप में हुई है, जो रोजी-रोटी कमाने के लिए इंदौर गया था। घटना इंदौर के लक्ष्मी नगर क्षेत्र के भागीरथ पोरा इलाके की बताई जा रही है।

परिजनों के अनुसार भोजराम नारंगे कुछ समय पहले मजदूरी करने इंदौर गया था। वहीं संदिग्ध परिस्थितियों में उसकी हत्या कर दी गई। घटना की सूचना मिलते ही परिवार में शोक की लहर दौड़ गई। मृतक अपने पीछे पत्नी और दो छोटे बच्चों को छोड़ गया है।

मृतक की पत्नी ने बताया कि उनके पति दो बच्चों को घर पर छोड़कर परिवार का भरण-पोषण करने बाहर गए थे। परिवार आर्थिक रूप से बेहद कमजोर है। उन्होंने शासन-प्रशासन से मदद की गुहार लगाई है।

इस मामले में जैजैपुर के पूर्व विधायक निर्मल सिन्हा ने पहल करते हुए मृतक की पत्नी की फोन पर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से आज बात कराई। मुख्यमंत्री ने परिजनों को हर संभव सहायता का भरोसा दिलाया और प्रशासन को आवश्यक मदद उपलब्ध कराने के निर्देश देने की बात कही।

फिलहाल इंदौर पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है। वहीं सक्ती जिले में इस घटना को लेकर शोक और आक्रोश का माहौल है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित