इंदौर , फरवरी 6 -- मध्यप्रदेश में इंदौर के भागीरथपुरा क्षेत्र में दूषित पानी से फैली बीमारी के चलते एक और मरीज की मौत हो गई है। इस हादसे में अब तक मरने वालों की संख्या 33 हो चुकी है। ताजा मामले में पत्नी की मौत के बाद अब पति की भी जान चली गई है, जिससे इलाके में दहशत और आक्रोश दोनों बढ़ गए हैं।
भागीरथपुरा निवासी अलगूराम यादव (70) की गुरुवार देर रात इलाज के दौरान मौत हो गई। उन्हें 9 जनवरी को अरबिंदो अस्पताल में भर्ती कराया गया था। बताया गया है कि उन्हें उल्टी-दस्त की शिकायत के साथ सांस लेने में तकलीफ भी हो रही थी। इससे पहले उनकी पत्नी उर्मिला यादव की भी दूषित पानी से बीमार होने के बाद मौत हो चुकी है। उर्मिला को भी उल्टी-दस्त की शिकायत पर अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया था।
मृतक के बेटे संजय यादव का कहना है कि उनके पिता को पहले से कोई गंभीर बीमारी नहीं थी। उल्टी-दस्त के कारण हालत बिगड़ने पर अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनकी मौत हो गई। वर्तमान में इस मामले से जुड़े तीन मरीज अभी भी अस्पताल में भर्ती हैं, जबकि 450 से अधिक मरीज इलाज के बाद डिस्चार्ज हो चुके हैं।
इससे पहले 1 फरवरी को 32वीं मौत दर्ज की गई थी। अनिता कुशवाह (65) एक माह से अधिक समय तक बॉम्बे अस्पताल में भर्ती रहीं और लंबे समय तक वेंटिलेटर पर रहने के बाद उनकी भी मौत हो गई थी। परिजनों का कहना था कि उन्हें भी पहले से कोई बीमारी नहीं थी।
वहीं मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. माधव प्रसाद हसानी ने बताया कि अलगूराम यादव पहले से लकवा पीड़ित थे और उनकी दाहिनी जांघ की हड्डी में फ्रैक्चर भी था। इसके अलावा वे अन्य बीमारियों से भी ग्रसित थे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित