उज्जैन , मार्च 25 -- पश्चिम रेलवे के रतलाम मंडल अंतर्गत बहुप्रतीक्षित इंदौर-दाहोद नई रेल लाइन परियोजना के निर्माण कार्य में महत्वपूर्ण प्रगति दर्ज की गई है। परियोजना के तहत पीथमपुर से धार के बीच 38.26 किलोमीटर लंबे रेलखंड में ट्रैक बिछाने का कार्य सफलतापूर्वक पूर्ण कर लिया गया है।
पश्चिम रेलवे रतलाम मंडल के जनसंपर्क अधिकारी मुकेश कुमार द्वारा जारी जानकारी के अनुसार इस रेलखंड पर विद्युतीकरण एवं सिग्नलिंग कार्य तेजी से प्रगति पर है। पीथमपुर, सागौर, गुणावद और धार स्टेशनों पर स्टेशन भवन, प्लेटफॉर्म, सर्कुलेटिंग एरिया और कवर शेड सहित विभिन्न आधारभूत सुविधाओं का निर्माण कार्य भी तेजी से किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि परियोजना के तहत टीही के समीप स्थित टनल का निर्माण कार्य अंतिम चरण में है और वहां ट्रैक बिछाने का कार्य प्रगति पर है। ट्रैक बिछाने और मशीन द्वारा पैकिंग कार्य पूर्ण होने के बाद 23 और 24 मार्च को प्रारंभिक परीक्षण किए गए।
मुख्य प्रशासनिक अधिकारी (निर्माण) विनीत गुप्ता के मार्गदर्शन में 25 मार्च को पीथमपुर से धार के बीच टॉवर वेगन के माध्यम से सफल ट्रायल संचालित किया गया। इस दौरान 38.26 किलोमीटर की दूरी 54 मिनट में तय की गई, जो ट्रैक की गुणवत्ता और कार्य प्रगति का संकेत है। ट्रायल के दौरान अधिकतम गति लगभग 50 किलोमीटर प्रति घंटा रही।
परियोजना पूर्ण होने पर क्षेत्र में रेल संपर्क सुदृढ़ होगा, जिससे औद्योगिक और आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा तथा नागरिकों को बेहतर परिवहन सुविधा उपलब्ध होगी। इस अवसर पर मुख्य इंजीनियर (निर्माण) धीरज कुमार, उप मुख्य इंजीनियर (निर्माण) अंकुर सिंह और दिनेश कुमार मीना सहित निर्माण विभाग के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित