भोपाल , मार्च 18 -- मध्यप्रदेश के इंदौर में ईवी चार्जिंग के दौरान आग लगने की घटना पर नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने गहरा शोक व्यक्त करते हुए उच्च स्तरीय जांच की मांग की है।

श्री सिंघार ने सोशल मीडिया के माध्यम से कहा कि इंदौर के बंगाली चौराहे स्थित ग्रेटर बृजेश्वरी कॉलोनी में हुई इस भीषण आग की घटना में सात लोगों की मृत्यु और तीन के गंभीर रूप से घायल होने की खबर अत्यंत पीड़ादायक है। उन्होंने दिवंगतों की आत्मा की शांति और शोकाकुल परिवारों को इस दुःख को सहने की शक्ति देने की प्रार्थना की।

उन्होंने कहा कि यह हादसा कई गंभीर सवाल खड़े करता है, जिनमें इलेक्ट्रिक वाहनों को बढ़ावा देने के साथ सुरक्षा मानकों और गाइडलाइंस के पालन की स्थिति भी शामिल है। उन्होंने पूछा कि क्या आम नागरिकों को आवश्यक सावधानियों की पर्याप्त जानकारी दी जा रही है।

नेता प्रतिपक्ष ने इस पूरे मामले की उच्च स्तरीय जांच कर दोषियों की जवाबदेही तय करने और ईवी चार्जिंग से जुड़े सख्त सुरक्षा मानक लागू करने की मांग की, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित