जालौन , अप्रैल 25 -- उत्तर प्रदेश के जालौन में शनिवार को उरई जिलाद मुख्यालय स्थित इंदिरा स्टेडियम का तरणताल अब पूरी तरह तैयार होकर खिलाड़ियों और आमजन के लिए खुलने की ओर अग्रसर है।
जल शक्ति मंत्री की निधि से संचालित इस परियोजना का जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय ने स्थलीय निरीक्षण कर कार्यों की गुणवत्ता और पूर्णता का जायजा लिया। तरणताल परिसर में पाथवे निर्माण, शौचालयों का उन्नयन, बाउंड्रीवाल सुदृढ़ीकरण, शेड निर्माण, टाइल्स नवीनीकरण, रंगाई-पुताई सहित व्यापक रेनोवेशन कार्य पूर्ण कर लिए गए हैं। पूरा परिसर अब आधुनिक और आकर्षक स्वरूप में नजर आ रहा है, जिससे खिलाड़ियों एवं आगंतुकों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी।
वर्तमान में तरणताल की तकनीकी टेस्टिंग और अंतिम तैयारियां जारी हैं। जिलाधिकारी ने बताया कि सभी व्यवस्थाएं संतोषजनक पाए जाने के बाद इसे मई के प्रथम सप्ताह में आमजन के लिए खोल दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि यह सुविधा युवाओं को खेलों के प्रति प्रेरित करेगी और स्थानीय प्रतिभाओं को निखारने में सहायक सिद्ध होगी। इस दौरान मुख्य विकास अधिकारी केके सिंह, डीसी मनरेगा रामेंद्र सिंह व जल शक्ति मंत्री के प्रतिनिधि अरविंद चौहान सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित