जकार्ता , जनवरी 30 -- इंडोनेशिया में एक जोड़े को शादी से बाहर यौन संबंध बनाने और शराब पीने के आरोप में 140 कोड़ों की सजा दी गई है, क्योंकि यह वहां के शरिया या इस्लामी धार्मिक कानून का उल्लंघन है।

अधिकारियों के अनुसार, आचे प्रांत में सार्वजनिक रूप से कोड़े मारने की यह अब तक की सबसे बड़ी सजा थी। महिला (21) लगातार रो रही थी और तीन महिला अधिकारी उसे बारी-बारी से कोड़े मार रही थीं। जब महिला बेहोश होकर गिर गयी, तो महिला अधिकारी उसे मंच से उठाकर एम्बुलेंस तक ले गईं।

गुरुवार को इस जोड़े के साथ चार अन्य लोगों को भी कोड़े मारे गए, जिनमें इस्लामी पुलिस बल का एक अधिकारी भी शामिल था। इन सभी को शरिया कानून के उल्लंघन का दोषी पाया गया था।

धार्मिक रूप से रूढ़िवादी आचे प्रांत में इस्लामी कानून तोड़ने पर कोड़े मारना एक आम सजा है, हालांकि मानवाधिकार समूह लंबे समय से इसकी आलोचना करते रहे हैं और इसे क्रूर बताते हैं। आचे के इस्लामी दंड संहिता के तहत, शादी से बाहर यौन संबंध बनाने पर 100 कोड़े और शराब पीने पर 40 कोड़े मारने की सजा का प्रावधान है।

इंडोनेशियाई मानवाधिकार समूह 'कोंट्रास' के आचे समन्वयक अज़हरुल हुस्ना का कहना है कि कोड़े मारने की सजा को लेकर ठीक से नियम नहीं बनाया गया है। उन्होंने कहा कि सजा के बाद लोगों की मदद के लिए इन नियमों में सुधार किया जाना चाहिए।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित