नयी दिल्ली , फरवरी 04 -- निजी विमान सेवा कंपनी इंडिगो ने परिचालन संबंधी सीमाओं और हवाई क्षेत्र के प्रतिबंधों का हवाला देते हुए कोपनहेगन की उड़ान बंद करने और लंदन तथा मैनचेस्टर के लिए उड़ानों में कटौती की घोषणा की है।

एयरलाइंस ने बुधवार को एक प्रेस विज्ञप्ति में बताया कि वह उन मार्गों पर उड़ानों में कटौती करेगी जिन पर वाइडबॉडी विमान बोइंग 787-9 का इस्तेमाल किया जा रहा है। उसने बोइंग 787-9 विमान नोर्स अटलांटिक एयरवेज से डैम्प लीज पर लिए हुए हैं।

संभावना है कि कंपनी इनमें से कुछ विमान वापस भी लौटा सकती है।

डैम्प लीज के तहत विमान के साथ कुछ क्रू सदस्यों की आपूर्ति विमान देने वाली कंपनी करती है जबकि कुछ क्रू विमान पट्टे पर लेने वाली कंपनी के होते हैं।इंडिगो ने बताया कि वह 17 फरवरी के डेनमार्क के कोपनहेगन की उड़ानें बंद कर रही है। इसके अलावा 07 फरवरी से दिल्ली से ब्रिटेन के मैनचेस्टर के लिए उड़ानों की संख्या पांच से घटाकर चार करेगी। इसे 19 फरवरी से चार से घटाकर तीन किया जायेगा। मुबंई से मैनचेस्टर के लिए जाने वाली सप्ताह में चार उड़ानों में कोई कटौती नहीं की गयी है।

उसने बताया कि 09 फरवरी से दिल्ली से लंदन हीथ्रो के लिए जाने वाली उड़ानों की संख्या सप्ताह में पांच से घटाकर चार की जायेगी।

एयरलाइंस का कहना है कि अन्य उड़ानों का निर्बाध परिचालन सुनिश्चित करने के लिए यह कटौती जरूरी है। प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, उसके वाइडबॉडी परिचालन को हाल में बाहरी बाधाओं का सामना करना पड़ा है। साथ ही भू-राजनीतिक परिस्थितियों के कारण हवाई क्षेत्रों संबंधी प्रतिबंध और भारत तथा विदेशों में हवाई अड्डों पर स्लॉट की समस्या के कारण वह ये उड़ानें रद्द कर रही है।

इंडिगो ने लंबी दूरी के रूट पर परिचालन शुरू करने के लिए पिछले साल मार्च में अपने बेड़े में वाइडबॉडी विमानों को शामिल किया था। उसकी योजना फिलहाल चुनिंदा मार्गों पर लंबी दूरी की सेवा शुरू करने की थी। कंपनी ने फ्रांस की कंपनी एयरबस को ए350-900 विमानों के ऑर्डर दिये हैं जिनकी डिलिवरी साल 2028 में शुरू हो जायेगी। उसके बाद कंपनी लंबी दूरी के मार्गों पर नेटवर्क का विस्तार करेगी।

एयरलाइन ने कहा है कि वह प्रभावित यात्रियों को वैकल्पिक उड़ान या रिफंड और नियमानुसार मुआवजे का विकल्प देगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित