नयी दिल्ली , मार्च 02 -- निजी विमान सेवा कंपनी इंडिगो इस महीने के अंत में कोलकाता से चीन के शंघाई के लिए सीधी दैनिक उड़ान शुरू करेगी।

एयरलाइंस ने सोमवार को बताया कि यह उड़ान 29 मार्च से शुरू होगी। इस मार्ग पर ए 320 विमान का परिचालन किया जायेगा। इससे पहले इंडिगो ने चीन के ग्वांग्झु शहर के लिए सेवा दोबारा शुरू की थी।

कोलकाता से उड़ान संख्या 6ई 1709 रात में 9.45 बजे उड़ान भरेगी और स्थानीय समय के अनुसार अगले दिन तड़के 4.40 बजे शंघाई पहुंचेगी। वापसी की उड़ान स्थानीय समय के अनुसार सुबह 5.40 बजे रवाना होगी भारतीय समयानुसार सुबह 9.05 बजे कोलकाता आयेगी।

इंडिगो में वैश्विक बिक्री प्रमुख विनय मल्होत्रा ने कोलकाता और शंघाई के बीच सीधी उड़ान शुरू करने पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि शंघाई चीन का सबसे बड़ा शहर और एक वैश्विक वित्तीय केंद्र है। इस नयी उड़ान से द्विपक्षीय व्यापार, पर्यटन और सांस्कृतिक आदान-प्रदान को बढ़ावा मिलेगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित