नयी दिल्ली , जनवरी 22 -- निजी विमान सेवा कंपनी इंडिगो को पिछले साल दिसंबर में परिचालन व्यवधानों के कारण 555 करोड़ रुपये के राजस्व का नुकसान हुआ।
एयरलाइंस ने गुरुवार को घोषित वित्तीय परिणामों में शेयर बाजार को यह जानकारी दी। उसने बताया, "दिसंबर के पहले सप्ताह में कंपनी ने अप्रत्याशित परिचालन चुनौतियों का सामना किया जिसके कारण 03 से 05 दिसंबर के बीच बड़ी संख्या में उड़ानें रद्द हुईं। इन व्यवधानों के कारण इस अवधि में यात्रियों से प्राप्त राजस्व में भारी गिरावट दर्ज की गयी।"इंडिगो ने बताया कि कंपनी प्रभावित यात्रियों को नियमों के अनुसार मुआवजा दे रही है और बुरी तरह प्रभावित यात्रियों को 10-10 हजार रुपये के वाउचर भी दे रही है। उसने बताया है कि इन सभी कारणों और संबंधित अन्य लागतों के कारण 555 करोड़ रुपये के राजस्व की हानि का अनुमान है।
उसने बताया कि इसके अलावा नागर विमानन महानिदेशालय से 17 जनवरी को कंपनी को एक आदेश प्राप्त हुआ है जिसमें एयरलाइंस पर 22.2 करोड़ रुपये का जुर्माना लगाया गया है। वित्तीय परिणाम में इस राशि के लिए भी प्रावधान किया गया है। नियामक ने कंपनी को 50 करोड़ रुपये की बैंक गारंटी भी जमा कराने का आदेश दिया है।
उल्लेखनीय है कि 03 से 05 दिसंबर के बीच इंडिगो की 2,507 उड़ानें रद्द रही थीं और 1,852 उड़ानों में देरी हुई थी। लाखों की संख्या में लोगों को परेशानी हुई।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित