एडिलेड , दिसंबर 21 -- इंग्लैंड के कप्तान बेन स्टोक्स ने कहा कि वह कप्तानी के प्रति पूरी तरह प्रतिबद्ध हैं, लेकिन यह भी स्वीकार करते है कि पहले तीन टेस्ट मैचों में उनकी टीम ऑस्ट्रेलिया के 'जबरदस्त हमले' को झेल नहीं सकी और रिकॉर्ड की बराबरी करते हुए मात्र 11 दिनों में ही ऐशेज सीरीज गंवा बैठी।
2022 से इंग्लैंड के टेस्ट कप्तान रहे स्टोक्स ने इस दौरे से पहले दो साल का नया केन्द्रीय अनुबंध साइन किया था, जो 2027 की गर्मियों के अंत तक चलेगा। उन्होंने कहा कि कप्तान बने रहने की उनकी इच्छा 'बिल्कुल' बरकरार है और अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में अपने भविष्य को लेकर दौरे की शुरुआत से अब तक कुछ भी नहीं बदला है।
इंग्लैंड इस उम्मीद के साथ ऑस्ट्रेलिया पहुंचा था कि वह 2010-11 के बाद पहली बार ऐशेज सीरीज जीतने वाली टीम बनेगा, लेकिन उसे पूरी तरह मात मिली। पर्थ और ब्रिस्बेन में आठ विकेट से और एडिलेड में 85 रन से हार झेलनी पड़ी। स्टोक्स ने माना कि ऑस्ट्रेलिया इंग्लैंड से 'बहुत अच्छा' साबित हुआ और विशेषकर अपने गेंदबाजो की अस्थिरता को बड़ी निराशा बताया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित