नयी दिल्ली , अप्रैल 06 -- पश्चिम एशिया संकट के कारण एलपीजी की प्रतिबंधित आपूर्ति के बीच सरकार ने इंडक्शन चूल्हों पर स्टार रेटिंग की अनिवार्यता को छह महीने के लिए टाल दिया है।

विद्युत मंत्रालय ने इस साल 01 जुलाई से इंडक्शन चूल्हों के लिए स्टार रेटिंग की व्यवस्था अनिवार्य करने के लिए पिछले साल दिसंबर में अधिसूचना जारी की थी। सोमवार को जारी नयी अधिसूचना में इस तारीख को 01 जनवरी 2027 कर दिया गया है।

अधिसूचना में कहा गया है कि ऊर्जा दक्षता ब्यूरो के परामर्श से स्टार रेटिंग की अनिवार्यता को टालने का फैसला किया गया है और सरकार इस बात से संतुष्ट है कि इसे छह महीने के लिए टाला जा सकता है।

उल्लेखनीय है कि रसोई गैस (एलपीजी) की घरेलू आपूर्ति को नियंत्रित करने के लिए शहरी क्षेत्रों में 14.2 किलोग्राम के सिलेंडर की बुकिंग अब कम से कम 25 दिन और ग्रामीण क्षेत्र में 45 दिन के अंतराल पर करने की अनुमति है। पहले 21 दिन के अंतराल पर एलपीजी सिलेंडर बुक कराने की अनुमति थी। साथ ही वाणिज्यिक इस्तेमाल के एलपीजी सिलेंडर की आपूर्ति को नियंत्रित किया गया है।

पश्चिम एशिया संकट के कारण आपूर्ति संबंधी दिक्कतों के बीच किये गये इन उपायों से बाजार में इंडक्शन चूल्हों की मांग में जबरदस्त उछाल देखा गया था जोल एलपीजी का हरित विकल्प है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित