श्रीगंगानगर , दिसम्बर 30 -- राजस्थान आशा सहयोगिनी चिकित्सा सेवा संघ (संबद्ध नारी शक्ति संघ) के तत्वावधान में मंगलवार को श्रीगंगानगर जिला मुख्यालय पर सैकड़ों आशा सहयोगिनियों ने जिला कलेक्ट्रेट के सामने प्रदर्शन किया।

संघ की जिलाध्यक्ष सीता स्वामी ने बताया कि केंद्र एवं राज्य सरकार की स्वास्थ्य योजनाओं को सफल बनाने में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाने के बावजूद उन्हें विभागीय सौतेले व्यवहार का सामना करना पड़ रहा है।

प्रदर्शनकारी आशा सहयोगिनियों ने मानदेय को न्यूनतम 24 हजार रुपये मासिक करने और हर वर्ष 500 रुपये की वृद्धि करने की मांग की। साथ ही सेवानिवृत्ति पर राज्य कर्मचारियों की तरह एकमुश्त पांच लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने, एएनएम भर्ती में 10 प्रतिशत आरक्षण प्रदान करने और उनके अनुभव को भर्ती प्रक्रिया में महत्व देने देने की मांग उठाई।

इसके साथ ही गांवों और शहरी क्षेत्रों में घर-घर जाकर कार्य करने के कारण दुर्घटना बीमा और आयुष्मान भारत योजना के तहत प्रतिवर्ष स्वास्थ्य बीमा कराने की सुविधा मांगी गयी। आशा सहयागिनियों की अन्य मांगों में महिला पर्यवेक्षक, आशा सुपरवाइजर और आंगनबाड़ी कार्यकर्ता की भर्ती में आरक्षण के साथ आयु सीमा में पांच वर्ष की छूट देने, राजपत्रित अवकाश प्रदान करने और बढ़ते ऑनलाइन कार्यों के लिए टैबलेट या लैपटॉप उपलब्ध कराने की मांगें शामिल हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित