मुरैना , जनवरी 23 -- मध्यप्रदेश के मुरैना जिले के सिविल लाइंस थाना क्षेत्र में एक आलू व्यापारी की कार को रोक कर हथियारबंद बदमाश 22 लाख रुपए की नगदी लूटकर फरार हो गए।
हालांकि पुलिस इस घटना को संदिग्ध मानकर जांच कर रही है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार आलू व्यापारी ने पुलिस को बताया कि वह कल गुना से एक निजी टैक्सी से आगरा जा रहा था, तभी दोपहर को मुरैना जिले के सिविल लाइंस थाना क्षेत्र के आगरा मुंबई राष्ट्रीय राजमार्ग स्थित ग्राम सिकरौदा के समीप एक कार ने उसकी कार को ओवरटेक कर रोक लिया और कार चालक की आंखों में मिर्ची पाउडर डाल दिया। इससे घबराकर आलू व्यापारी ने कार से उतर कर भागने का प्रयास किया। इसी बीच उसकी कार में एक बैग में रखे 22 लाख रुपए बदमाश हथियारों की नोक पर लूटकर फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और कार चालक से पूछताछ की। उसने पुलिस को बताया कि आलू व्यापारी के पास रखे रुपए उसने नहीं देखे। उसने पुलिस को बताया कि व्यापारी के पास अगर इतने रुपए थे तो फिर रास्ते में व्यापारी ने एक एटीएम से रुपए क्यों निकाले। ऐसे में व्यापारी और चालक के विरोधाभासी बयान के आधार पर पुलिस इस वारदात को संदिग्ध मानकर जांच कर रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित