नागपुर , नवंबर 21 -- केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण और ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने शुक्रवार को एक बड़ा ऐलान करते हुए कहा कि आलू, प्याज टमाटर जैसी फसलों के किसानों को नुकसान से बचाने के लिए केंद्र ने खास योजना बनाई है और इन फसलों का स्थानीय स्तर पर ठीक दाम नहीं मिलने पर बड़े शहरों में ले जाने के लिए परिवहन का सारा खर्चा केंद्रीय कृषि विभाग उठाएगा।

श्री चौहान यहां एग्रो विजन नामक कार्यक्रम में लोगों को संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी भी मौजूद थे।

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि अगर किसान आलू, प्याज और टमाटर जैसी फसलें पैदा करता है और स्थानीय स्तर पर सही दाम नहीं मिलता है। उसे लगता है कि मुंबई,दिल्ली जैसे शहरों में अच्छे दाम मिलेंगे लेकिन वो उसे अकेला इसलिए नहीं ले जा सकता क्योंकि परिवहन का मालभाड़ा बहुत लग जाता है। उन्होंने कहा , '' अगर किसान आलू प्याज टमाटर जैसी सब्जियों के दाम नागपुर, मुंबई,दिल्ली कोलकाता में ले जाता है अगर वहां अच्छे रेट मिल रहे होते हैं तो ट्रांसपोर्ट का सारा खर्चा कृषि विभाग उठायेगा''श्री सिंह ने संतरा फल की पैदावार बढ़ाने के लिए 'क्लीन प्लांट' की जरूरत रेखांकित करते हुए यहां 70 करोड़ रुपये की लागत से 'क्लीन प्लांट सेंटर' लगाने की घोषणा की। उन्होंने कहा किसानों को अच्छे पौधे मिलना चाहिए,अगर वह नर्सरी से ऐसा पौधा ले आया जिसमें कोई वायरस है, जो 2-4 साल में अपना असर दिखाएगा और पौधा खराब हो जाएगा। ऐसे में किसान को भारी नुकसान होता है। इसलिए संतरा किसानों की भलाई के लिए अच्छी नर्सरी चिन्हित करके उन्हें आर्थिक व तकनीकी मदद दी जायेगी।

उन्होंने महिला कल्याण के लिए किए जा रहे कार्यों का जिक्र करते हुए कहा कि देश की लड़कियां लखपति बन जाएं,इसका प्रयत्न ज़रूरी है,उसमें एग्रो विज़न एक नयी दिशा दे रहा है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित