फर्रुखाबाद , अप्रैल 7 -- उत्तर प्रदेश के फर्रुखाबाद जिले में आलू किसानों की समस्याओं को लेकर मंगलवार को "आलू किसान बचाओ यात्रा" कृषि उत्पादन मंडी समिति सातनपुर से लखनऊ के लिए रवाना हुई।

जिला आलू आढ़त एसोसिएशन के मीडिया प्रभारी अरविंद राजपूत ने बताया कि स्थानीय वरिष्ठ किसान नेता अशोक कटियार के नेतृत्व में बड़ी संख्या में किसान मंडी परिसर में एकत्र हुए और बैठक आयोजित की गई। बैठक में मुख्य अतिथि किसान नेता अजय अनमोल ने कहा कि आलू सहित अन्य फसलों का लाभकारी मूल्य दिलाने के लिए किसानों में जागरूकता जरूरी है। उन्होंने आलू के गिरते दामों पर चिंता व्यक्त करते हुए आलू विकास बोर्ड के गठन की मांग की, ताकि उत्पादन और खपत के बेहतर प्रबंधन से किसानों को उचित मूल्य मिल सके।

किसान नेता अशोक कटियार ने आरोप लगाया कि फर्रुखाबाद मंडी में आलू पर अधिक शुल्क वसूला जा रहा है, जिससे किसानों को नुकसान हो रहा है। उन्होंने आलू के निर्यात को जल्द शुरू कराने तथा जिले में आलू आधारित उद्योग स्थापित करने की मांग की।

बैठक के बाद किसानों ने मंडी गेट पर नारेबाजी करते हुए यात्रा को रवाना किया। यात्रा फर्रुखाबाद से कमालगंज, कानपुर होते हुए लखनऊ पहुंचेगी। किसान प्रतिनिधिमंडल 8 अप्रैल को लखनऊ पहुंचकर राज्यपाल को अपनी मांगों से संबंधित ज्ञापन सौंपेगा।

इस अवसर पर आलू आढ़त एसोसिएशन के अध्यक्ष अर्पित राजपूत सहित कई किसान नेता और व्यापारी उपस्थित रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित