नयी दिल्ली , फरवरी 23 -- राष्ट्रीय राजधानी में सोमवार को धौला कुआं स्थित आर्मी पब्लिक स्कूल और लोधी रोड के एयर फोर्स बाल भारती स्कूल को बम से उड़ाने की धमकी वाले ई-मेल मिलने से हड़कंप मच गया। इसके बाद दोनों स्कूल परिसरों में तलाशी अभियान शुरू कर दिया गया।

दिल्ली पुलिस, बम निरोधक दस्ता, डॉग स्क्वॉड और दिल्ली अग्निशमन सेवा की टीमें तुरंत मौके पर पहुंचीं और छात्रों एवं स्टाफ की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए स्कूल परिसरों की गहन जांच की गयी। एहतियातन दोनों स्कूलों के आसपास के क्षेत्रों को सील कर दिया गया और आवाजाही पर प्रतिबंध लगा दिया गया।

पुलिस के अनुसार धमकी भरे ई-मेल मिलने के तुरंत बाद स्कूल प्रशासन ने अधिकारियों को सूचना दी। एक पुलिस अधिकारी ने बताया, "आर्मी पब्लिक स्कूल, धौला कुआं और एयर फोर्स बाल भारती स्कूल, लोधी रोड को ई-मेल के जरिए बम से उड़ाने की धमकी मिली है। एहतियात के तौर पर परिसरों को खाली कराया गया और व्यापक तलाशी अभियान चलाया जा रहा है। अभी तक कुछ भी संदिग्ध नहीं मिला है। ई-मेल के स्रोत की जांच की जा रही है।"यह ताजा घटना ऐसे समय सामने आई है, जब कुछ दिन पहले गुरुवार को राजधानी के सीआरपीएफ पब्लिक स्कूल, द्वारका स्थित सेंट थॉमस स्कूल और पश्चिमी दिल्ली के पश्चिम एन्क्लेव स्थित डीएवी सेंटेनरी पब्लिक स्कूल को भी बम से उड़ाने की धमकी वाले ई-मेल मिले थे। दिल्ली अग्निशमन सेवा के एक अधिकारी ने बताया कि एहतियातन दमकल वाहन और बचाव टीमें तुरंत स्कूलों में भेजी गयी थीं।

राष्ट्रीय राजधानी को शनिवार को उस समय हाई अलर्ट पर रखा गया था, जब खुफिया एजेंसियों ने पाकिस्तान स्थित आतंकी संगठन लश्कर-ए-तैयबा द्वारा दिल्ली के भीड़भाड़ वाले धार्मिक और विरासत स्थलों को निशाना बनाने की साजिश की चेतावनी दी थी।

सूत्रों के अनुसार, खुफिया सूचना में चांदनी चौक इलाके के एक मंदिर को संभावित लक्ष्य बताया गया था। इसके अलावा, लाल किले के आसपास सहित अन्य उच्च सुरक्षा वाले क्षेत्रों में आईईडी लगाने की आशंका भी जतायी गयी थी। अलर्ट के बाद चांदनी चौक क्षेत्र के मंदिरों के आसपास सुरक्षा कड़ी कर दी गयी है। अर्धसैनिक बलों की तैनाती कर लगातार निगरानी और सतर्कता बढ़ा दी गयी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित