ग्वालियर , दिसंबर 14 -- आर्ट ऑफ लिविंग द्वारा 15 से 21 दिसंबर तक देशभर में विभिन्न आध्यात्मिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। इसी क्रम में ग्वालियर में भगवान शिव के पावन सोमनाथ ज्योतिर्लिंग के दिव्य सानिध्य में प्रभात फेरी, ज्योतिर्लिंग दर्शन, अभिषेक एवं विशेष ध्यान सत्र आयोजित किए जाएंगे।

शनिवार को आयोजित पत्रकार वार्ता में आर्ट ऑफ लिविंग के मध्यप्रदेश प्रमुख गौरव सिंह चौहान और नीरज मंगल ने बताया कि इन कार्यक्रमों का उद्देश्य समाज में शांति, सद्भाव, सकारात्मकता और आध्यात्मिक चेतना का प्रसार करना है। उन्होंने कहा कि ग्वालियर अंचल के लोगों के लिए सोमनाथ ज्योतिर्लिंग के पावन दर्शन सौभाग्य की बात है। सोमनाथ ज्योतिर्लिंग की यह विशेषता है कि वह हवा में स्थित रहता है और भूमि को स्पर्श नहीं करता, जो भगवान शिव की अलौकिक लीला का प्रतीक है।

आर्ट ऑफ लिविंग से जुड़ी मीनाक्षी और अर्चना ने बताया कि 14 दिसंबर को बानमोर तथा 15 दिसंबर को ग्वालियर में प्रातः प्रभात फेरी निकाली जाएगी। इसमें श्रद्धालु भजन-कीर्तन और मंत्रोच्चार के साथ नगर में भ्रमण कर आध्यात्मिक वातावरण का निर्माण करेंगे। ग्वालियर के विभिन्न स्थानों पर सोमनाथ ज्योतिर्लिंग के दर्शन एवं अभिषेक की व्यवस्था की गई है।

उन्होंने बताया कि 21 दिसंबर को आर्ट ऑफ लिविंग द्वारा भारत सहित पूरे विश्व में विशेष ध्यान कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा, जिसमें आध्यात्मिक गुरु श्री श्री रविशंकर द्वारा बेंगलुरु स्थित आर्ट ऑफ लिविंग आश्रम से प्रत्यक्ष ध्यान कराया जाएगा। इस अवसर पर आर्ट ऑफ लिविंग से जुड़े भानु भाई, शीतल और आराधना भी उपस्थित रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित