भोपाल , मार्च 25 -- मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल स्थित राजीव गांधी प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद ने विभिन्न समस्याओं को लेकर कुलपति कार्यालय का घेराव कर उग्र प्रदर्शन किया, जो चार घंटे से अधिक समय तक चला।
प्राप्त जानकारी के अनुसार विद्यार्थी परिषद ने सात दिन पूर्व यूआईटी डायरेक्टर को ज्ञापन सौंपकर कैंटीन में छात्र की थाली में छिपकली निकलने की घटना पर तत्काल कार्रवाई की मांग की थी, लेकिन निर्धारित समय सीमा में कोई ठोस कदम नहीं उठाए जाने पर छात्रों ने आंदोलन किया।
प्रदर्शन के दौरान विद्यार्थियों ने कैंटीन की खराब गुणवत्ता, हॉस्टल में भोजन व्यवस्था की अव्यवस्था, पीने के पानी की कमी, सुरक्षा व्यवस्था में खामियां, यूटीडी परीक्षाओं में छह माह से अधिक की देरी तथा डिग्री वितरण में विलंब जैसे मुद्दे उठाए।
स्थिति उस समय और तनावपूर्ण हो गई जब कुलपति छात्रों से चर्चा किए बिना वहां से निकलने का प्रयास करने लगे। इसके विरोध में विद्यार्थियों ने उनकी गाड़ी के सामने बैठकर उन्हें रोक लिया और संवाद की मांग की।
आंदोलन के दबाव में विश्वविद्यालय प्रशासन ने कैंटीन का टेंडर तत्काल प्रभाव से निरस्त कर दिया। विद्यार्थियों ने विश्वविद्यालय में शिक्षकों की कम उपस्थिति को लेकर भी नाराजगी जताई और आरोप लगाया कि इससे शैक्षणिक व्यवस्था प्रभावित हो रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित