भोपाल , दिसंबर 29 -- रेलवे ने यात्रियों को आरक्षण की स्थिति की समय रहते सटीक जानकारी उपलब्ध कराने तथा दूर-दराज से यात्रा करने वाले यात्रियों की असमंजस की स्थिति को कम करने के उद्देश्य से रेलवे बोर्ड ने प्रथम आरक्षण चार्ट तैयार करने की प्रक्रिया में महत्वपूर्ण बदलाव किया है।
इस संबंध में रेलवे बोर्ड द्वारा सभी जोनल रेलवे को आवश्यक निर्देश जारी कर दिए गए हैं। भोपाल रेल मंडल पर 10 घंटे पूर्व आरक्षण चार्ट की नई आरक्षण व्यवस्था 01 जनवरी से लागू होगी।
वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक सौरभ कटारिया ने बताया कि जिन ट्रेनों का प्रस्थान समय प्रातः 05:01 बजे से दोपहर 14:00 बजे के मध्य होता है, उनकी प्रथम आरक्षण चार्ट अब प्राथमिकता के आधार पर पिछले दिन रात्रि 20:00 बजे तक तैयार की जाएगी। इस व्यवस्था से यात्रियों को एक दिन पहले ही अपनी आरक्षण स्थिति की स्पष्ट जानकारी प्राप्त हो सकेगी, जिससे वे अपनी यात्रा की योजना बेहतर ढंग से बना सकेंगे।
इसी प्रकार जिन ट्रेनों का प्रस्थान समय दोपहर 14:01 बजे से रात्रि 23:59 बजे के बीच और रात्रि 00:00 बजे से प्रातः 05:00 बजे तक होता है, उनका प्रथम आरक्षण चार्ट अब न्यूनतम 10 घंटे पूर्व तैयार किया जाएगा। इससे प्रतीक्षा सूची में शामिल यात्रियों को समय पर निर्णय लेने में सुविधा मिलेगी। ट्रेनों का प्रथम आरक्षण चार्ट अब उनके प्रस्थान समय से 10 घंटे पूर्व तैयार होने के अनुसार इमरजेंसी कोटे के आवेदन एक दिन पूर्व स्वीकार किये जायेंगे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित