सक्ति , फरवरी 28 -- छत्तीसगढ़ के सक्ति जिले में स्थित डभरा थाना क्षेत्र अंतर्गत उच्चपिड़ा के आर के एम पॉवर प्लांट से एक कर्मचारी के रहस्यमय परिस्थितियों में लापता होने का मामला सामने आया है।
घटना के बाद क्षेत्र में चिंता का माहौल है, वहीं परिजनों ने प्लांट प्रबंधन और प्रशासन से मामले की गंभीरता जांच की मांग की है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सुरेश कुमार टंडन (40), निवासी ग्राम पंचायत सारसकेला, शुक्रवार सुबह पांच बजकर 48 मिनट पर प्लांट परिसर में पंचिंग कर अपनी ड्यूटी पर पहुंचे थे। बताया जा रहा है कि निर्धारित ड्यूटी समय पूर्ण होने के बाद भी वे घर नहीं लौटे।
परिजनों ने अपने स्तर पर संभावित स्थानों पर खोजबीन की लेकिन कोई जानकारी नहीं मिलने पर चौकी फगुरम में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच प्रारंभ कर दी है।
इधर, लापता कर्मचारी के परिजन आज प्लांट के मुख्य गेट के बाहर धरने पर बैठ गए हैं। उनका कहना है कि पूरे मामले की निष्पक्ष और विस्तृत जांच की जाए तथा प्लांट प्रबंधन स्थिति स्पष्ट करे।
पुलिस द्वारा प्लांट परिसर एवं आसपास के क्षेत्रों में सघन जांच की जा रही है। साथ ही सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं, ताकि घटना से संबंधित कोई सुराग मिल सके।
फिलहाल कर्मचारी का कोई पता नहीं चल सका है। मामले में पुलिस की आगे की कार्रवाई जारी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित