जयपुर , मई 01 -- केएल राहुल (75), पथुम निसंका (62) और नीतीश कुमार राणा (33) की विस्फोटक बल्लेबाजी की बदौलत दिल्ली कैपिटल्स ने शुक्रवार को इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2026 के 43वें मुकाबले में राजस्थान रॉयल्स (आरआर) को पांच गेंद शेष रहते सात विकेट से हराकर अपनी चौथी जीत दर्ज करते हुए आईपीएल इतिहास का अपना सबसे बड़ा लक्ष्य हासिल किया। यह टूर्नामेंट में आआर की चौथी हार है।
आशुतोष शर्मा 15 गेंदों में (नाबाद 25) और ट्रिस्टन स्टब्स 11 गेंदों में (नाबाद 18) रनों की सूझबूझ भरी पारी ने आखिरीकार दिल्ली कैपिल्टस को आईपीएल इतिहास की सबसे बड़े लक्ष्य का पीछा करते हुए जीत दिला दी। 226 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी दिल्ली कैपिटल्स को पथुम निसंका और केएल राहुल की सलामी जोड़ी ने पहले विकेट के लिए 110 रन जोड़कर अच्छी शुरुआत दिलाई। 10वें ओवर में रवींद्र जडेजा ने पथुम निसंका को पगबाधा आउट कर आरआर को पहली सफलता दिलाई। पथुम निसंका ने 33 गेंदों में छह चौके और तीन छक्के उड़ाते हुए 62 रनों की पारी खेली। 15वें ओवर में नीतीश कुमार रेड्डी आउट हुये। उन्होंने 17 गेंदों में तीन चौके और दो छक्के लगाते हुए 33 रन बनाये। अगले ही ओवर में जोफ्रा आर्चर ने केएल राहुल को आउट कर दिल्ली कैपिटल्स को बड़ा झटका दिया। केएल राहुल ने 40 गेंदों में छह चौके और पांच छक्के उड़ाते हुए 75 रनों की पारी खेली। दिल्ली कैपिटल्स ने 19.1 ओवर में तीन विकेट पर 226 रन बनाकर मुकाबला सात विकेट से अपने नाम कर लिया। आशुतोष शर्मा ने अपनी पारी में चार चौके लगाये। वहीं स्टब्स ने एक चौका और एक छक्का जड़ा।
आरआर के लिए जोफ्रा आर्चर, तुषार देशपांडे और रवींद्र जडेजा ने एक-एक बल्लेबाज को आउट किया।
इससे पहले आज यहां कप्तान रियान पराग (90), डॉनोवन फरेरा (नाबाद 47) और ध्रुव जुरेल (42) की शानदार बल्लेबाजी के दम पर राजस्थान रॉयल्स (आरआर) ने दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ 225 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया। राजस्थान रॉयल्स ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। बल्लेबाजी करने उतरी राजस्थान रॉयल्स को मिचेल स्टार्क और काइल जेमीसन ने शुरुआती झटके दिये। पहले ओवर में स्टार्क ने यशस्वी जायसवाल (छह) को आउट किया। अगले ही ओवर में जेमीसन ने धाकड़ बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी (चार) को बोल्ड कर पवेलियन भेज दिया। 12 रन के स्कोर पर अपने दोनों सलामी बल्लेबाजों के विकेट गंवा चुकी आरआर को ध्रुव जुरेल और रियान पराग की जोड़ी ने संभाला। दोनों बल्लेबाजों के बीच तीसरे के लिए 102 रनों की साझेदारी हुई। 12वें ओवर में अक्षर पटेल ने ध्रुव जुरेल को आउट कर इस साझेदारी को तोड़ा। जुरेल ने 30 गेंदों में चार चौके और एक छक्का उड़ाते हुए 42 रनों की पारी खेली।
17वें ओवर में मिचेल स्टार्क ने दूसरी गेंद पर रवींद्र जडेजा 14 गेंदों में (20) रन को आउट किया। इसके बाद उन्होंने चौथी गेंद पर शतक की ओर बढ़ रहे रियान पराग को कैच आउट करा दिया। रियान पराग ने 50 गेंदों में आठ चौके और पांच छक्के उड़ाते हुए 90 रनों की पारी खेली। शिवम दुबे छह रन बनाकर टी नटराजन का शिकार बने। राजस्थान रॉयल्स ने निर्धारित 20 ओवरों में छह विकेट पर 225 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया। डॉनोवन फरेरा ने 14 गेंदों में दो चौके और छह छक्के उड़ाते हुए नाबाद 47 रनों की पारी खेली।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित