रायपुर , मार्च 10 -- छत्तीसगढ की राजधानी रायपुर से सटे आरंग क्षेत्र में नाबालिग लड़की के साथ दुष्कर्म का गंभीर मामला सामने आया है। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी युवक को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।
पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी। पुलिस के अनुसार सोमवार को आरंग थाना क्षेत्र की एक नाबालिग को ग्राम भानसोज निवासी 19 वर्षीय युवक प्रशांत लहरी ने झांसा देकर अपने घर बुलाया। आरोप है कि वहां उसने लड़की के साथ जबरन शारीरिक संबंध बनाए।
घटना का पता चलने पर पीड़िता के परिजनों ने आरंग थाने में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने तत्काल मामला दर्ज कर जांच शुरू की। प्रकरण में आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 137(2), 65(1) तथा पॉक्सो एक्ट की धारा 4 के तहत अपराध दर्ज किया गया है।
थाना प्रभारी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दबिश देकर आरोपी को हिरासत में लिया। पूछताछ के बाद आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
आरंग थाना प्रभारी ने बताया कि महिलाओं और बच्चों के खिलाफ होने वाले अपराधों को लेकर पुलिस पूरी तरह सतर्क है और ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई की जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित