पुडुचेरी/नई दिल्ली , फरवरी 25 -- चुनाव आयोग ने बुधवार को केंद्र शासित प्रदेश पुडुचेरी में अधिकारियों और राजनीतिक दलों के साथ अलग अलग बैठकों में आगामी विधान सभा चुनाव के लिए तैयारियों की व्यापक समीक्षा की।
मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार की अध्यक्षता में हुई इन समीक्षा बैठकों में आयुक्त डॉ सुखबीर सिंह संधू और डॉ विवेक जोशी भी शामिल रहे। आयोग के अधिकारियों ने बताया कि उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक में पुलिस और प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी विभिन्न प्रवर्तन एजेंसियों के प्रमुख तथा नोडल अधिकारी उपस्थित थे। इसका उद्येश्य नागरिक और पुलिस प्रशासन के बीच समन्वय के साथ स्वतंत्र, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण चुनाव कराना है।
आयोग के अनुसार अधिकारियों के साथ बैठक में मुख्य चुनाव आयुक्त श्री कुमार ने कहा, "स्वतंत्र और निष्पक्ष चुनाव लोकतंत्र की आधारशिला हैं। प्रत्येक हितधारक को समन्वय के साथ कार्य करना चाहिए ताकि मतदाता बिना भय या प्रलोभन के अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकें।"चुनाव आयुक्त श्री संधू ने सक्रिय प्रवर्तन की आवश्यकता पर जोर देते हुए कहा, "धनबल, शक्ति और प्रलोभनों के दुरुपयोग पर कड़ी निगरानी सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। प्रवर्तन एजेंसियों को त्वरित और निष्पक्ष कार्रवाई करनी चाहिए।" वहीं चुनाव आयुक्त विवेक जोशी ने जमीनी स्तर पर तैयारियों के महत्व को रेखांकित करते हुए कहा, "मतदान केंद्रों की व्यवस्था से लेकर संवेदनशील क्षेत्रों की पहचान और सुरक्षा तैनाती तक हर पहलू की सूक्ष्म योजना और क्रियान्वयन आवश्यक है।"बैठक में पुडुचेरी के वरिष्ठ प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों तथा प्रवर्तन एजेंसियों के प्रतिनिधियों ने आयोग को जिला-वार तैयारियों, सुरक्षा प्रबंधों, व्यय निगरानी तथा चुनावी अनियमितताओं की रोकथाम के उपायों की जानकारी दी।
श्री कुमार के नेतृत्व में चुनाव आयोग की टीम ने बाद में पुडुचेरी में मान्यता प्राप्त राष्ट्रीय और राज्य स्तरीय राजनीतिक दलों के साथ विस्तृत परामर्श बैठक की। बैठक में पुडुचेरी के मुख्य निर्वाचन अधिकारी (सीईओ) और आयोग के वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित थे।
बैठक में शामिल दलों में राष्ट्रीय दल के रूप में मान्यता प्राप्त दलों -आम आदमी पार्टी, बहुजन समाज पार्टी, भारतीय जनता पार्टी, मार्क्सवादी कम्यूनिस्ट पार्टी ऑफ इंडिया माकपा और भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के प्रतिनिधि शामिल हुए। इस बैठक में शामिल राज्य स्तरीय दलों में आल इंडिया अन्ना द्रविण मुनेत्र कझगम, आल इंडिया एन आर कांग्रेस और द्रविण मुनेत्र कझगम के प्रतिनिधि उपस्थित थे।
आयोग के अधिकारियों के अनुसार, अधिकांश राजनीतिक दलों ने हाल ही में पुडुचेरी में संपन्न विशेष गहन मतदाता सूची पुनरीक्षण की शांतिपूर्ण और सुचारु प्रक्रिया की सराहना की तथा मतदाता सूची अद्यतन और पारदर्शिता बढ़ाने के प्रयासों को सकारात्मक बताया।
दलों ने मतदान केंद्रों पर वरिष्ठ नागरिकों, दिव्यांगजनों और प्रथम बार मतदान करने वालों के लिए सुविधाएं और सुलभता बढ़ाने के सुझाव भी दिए। बेहतर संकेतक, रैंप और कतार प्रबंधन की व्यवस्था पर बल दिया गया।
कई दलों ने चुनाव के दौरान धनबल और मुफ्त वस्तुओं के वितरण पर रोक लगाने की आवश्यकता पर जोर दिया। प्रतिनिधियों ने आयोग से कड़े प्रवर्तन उपाय अपनाने और समान अवसर सुनिश्चित करने का आग्रह किया।
इसके अतिरिक्त, चुनाव अवधि में सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के दुरुपयोग को रोकने के लिए प्रभावी तंत्र विकसित करने की मांग की गई, ताकि भ्रामक सूचनाओं और डिजिटल प्रचार के अनुचित प्रभाव को नियंत्रित किया जा सके।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित