बेंगलुरु , जनवरी 22 -- आयुष डोसेजा (नाबाद 104) की जुझारू शतकीय पारी की बदौलत दिल्ली ने गुरुवार को रणजी ट्रॉफी एलीट ग्रुप डी मुकाबले में छत्तीसगढ़ के खिलाफ 216 रन का स्कोर बनाया। छत्तीसगढ़ ने स्टंप्स तक 17 ओवर में बिना किसी नुकसान के 52 रन बनाकर मजबूत शुरुआत की।
आज यहां दिल्ली ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। बल्लेबाजी करने उतरी दिल्ली के बल्लेबाज छत्तीसगढ़ के गेंदबाजी आक्रमण के आगे बेबस नजर आये। दिल्ली ने 63 के स्काेर तक अपने पांच विकेट गंवा दिये। हालांकि इस दौरान पांचवें नंबर पर बल्लेबाजी करने आये आयुष डोसेजा एक छोर थामे रन बनाते रहे। प्रियांश आर्य (नौ), वैभव कांडपाल (चार), सनत सांगवान (आठ), कप्तान आयुष बदोनी (आठ) और सुमित माथुर (17) रन बनाकर आउट हुये। इसके बाद प्रणव राजवंशी ने आयुष डोसेजा के साथ पारी को संभालने का प्रयास किया। दोनों बल्लेबाजों ने छठे विकेट के लिये 39 रन जोड़े। 48वें ओवर में प्रणव राजवंशी (17) के आउट होने के बाद दिल्ली ने 14 रन जोड़कर अपने चार विकेट गंवा दिये। 11वें नंबर के बल्लेबाज मनी ग्रेवा ने 35 रन बनाये। 67.5 ओवर में दिल्ली की पहली पारी 216 के स्कोर पर सिमट गई।
छत्तीसगढ़ के लिए देव आदित्य सिंह और शाबान खान ने तीन-तीन विकेट लिये। रवि किरण और आशीष चौहान ने एक-एक बल्लेबाज को आउट किया।
इसके बाद बल्लेबाजी करने उतरी छत्तीसगढ़ ने दिन का खेल समाप्त होने के समय बिना किसी नुकसान के 52 रन बना लिये और आयुष पांडेय (नाबाद 29) और अनुज तिवारी (नाबाद 21) क्रीज पर मौजूद थे।
दिन में टूर्नामेंट के पहले दिन अन्य मैचों का विवरण इस प्रकार रहा। तमिलनाडु ने प्रदोश रंजन पॉल (78), सी आंद्रे सिद्धार्थ (56), अथिश एसआर (50) और निधिश राजागोपाल (नाबाद 54) के अर्धशतकों से ओडिशा के खिलाफ सात विकेट पर 281 रनों का स्कोर बना लिया है।
बंगाल ने सुदीप चटर्जी (नाबाद 140), कप्तान अभिमन्यु ईश्वरन (81) की शानदार परियों के दम पर सर्विसेज के खिलाफ चार विकेट पर 304 रन बनाकर की मजबूत शुरुआत।
विदर्भ ने यश राठौड़ (नाबाद 104) की शतकीय पारी के दम पर 81 ओवरों में आंध्र के खिलाफ सात विकेट पर 281 रन बनाये। आंध्र के कालीडिंडी राजू ने झटके चार विकेट।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित