कोलकाता , अप्रैल 17 -- आयकर विभाग ने शुक्रवार को तृणमूल कांग्रेस के विधायक देबाशीष कुमार के आवास के साथ-साथ पार्टी के दो अन्य नेताओं के घरों और कार्यालयों सहित कई परिसरों पर छापेमारी की। इस कार्रवाई से विधानसभा चुनाव से पहले क्षेत्र में राजनीतिक तनाव पैदा हो गया है।

श्री कुमार रासबिहारी निर्वाचन क्षेत्र से दोबारा चुनाव लड़ रहे हैं। सूत्रों ने बताया कि अधिकारियों ने दक्षिण कोलकाता के मनोहरपुकुर रोड स्थित श्री कुमार के आवास पर सुबह-सवेरे तलाशी शुरू की। छापेमारी शुरू होने के समय तृणमूल उम्मीदवार वहीं मौजूद थे।

इसके साथ ही पास में स्थित उनके चुनावी कार्यालय और मोतीलाल नेहरू रोड स्थित एक पार्टी कार्यालय में भी तलाशी ली जा रही है। इसी बीच आयकर विभाग के अधिकारियों की एक अन्य टीम ने कालीघाट में तृणमूल कांग्रेस नेता कुमार साहा के आवास की तलाशी ली।

आयकर अधिकारी स्थानीय तृणमूल नेता मिराज शाह के एल्गिन रोड स्थित आवास पर भी पहुंचे। श्री मिराज शाह भवानीपुर विधानसभा क्षेत्र से तृणमूल प्रमुख ममता बनर्जी की उम्मीदवारी के चार प्रस्तावकों में से एक हैं।इस बीच, दिन के दौरान साल्ट लेक और मिडलटन स्ट्रीट सहित शहर के कई अन्य स्थानों पर भी आयकर विभाग की छापेमारी देखी गयी।

आयकर विभाग के अधिकारियों ने सभी छापेमारी स्थल के बाहर भारी संख्या में केंद्रीय बलों को तैनात किया है। छापेमारी के पीछे की सटीक वजह फिलहाल स्पष्ट नहीं हो पायी है। यह घटनाक्रम प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की ओर से श्री कुमार की जारी जांच के बीच हुआ है। श्री कुमार को जमीन हड़पने के एक मामले में कई बार समन भेजा गया था और एक, तीन और नौ अप्रैल को साल्ट लेक के सीजीओ कॉम्प्लेक्स में उनसे पूछताछ की गयी थी।

ईडी के समक्ष पेश होने के बाद उन्होंने यह कहते हुए विस्तृत टिप्पणी करने से परहेज किया था कि उनकी पार्टी इसका जवाब देगी।

व्यवसायी श्री साहा को तृणमूल का प्रभावशाली संगठक माना जाता है। इनकी सेवाओं का उपयोग पार्टी कोलकाता में तृणमूल कांग्रेस के विभिन्न सार्वजनिक कार्यक्रमों में भीड़ जुटाने के लिए करती है। एक शिक्षाविद् और भवानीपुर एजुकेशन सोसाइटी कॉलेज के ट्रस्टी बोर्ड के सदस्य श्री साहा इलाके में काफी जाने-माने हैं और सुश्री बनर्जी ने व्यक्तिगत रूप से उनसे प्रस्तावक के रूप में सेवा देने का अनुरोध किया था।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित