रांची , फरवरी 02 -- झारखंड की राजधानी रांची स्थित लोक भवन उद्यान सोमवार को आम लोगों के लिए खोल दिया गया।
लोक भवन उद्यान 8 फरवरी तक आम लोगों के लिए खोला गया है। पहले ही दिन उद्यान ने जबरदस्त आकर्षण बटोरा और कुल 2559 लोगों ने यहां भ्रमण कर प्राकृतिक सौंदर्य का आनंद लिया। रंग-बिरंगे फूलों, सुसज्जित गार्डन और मनमोहक फव्वारों ने हर किसी को मंत्रमुग्ध कर दिया।
सुबह से ही लोक भवन उद्यान के प्रवेश द्वार पर लोगों की भारी भीड़ देखने को मिली। परिवार के साथ पहुंचे लोग, युवा वर्ग और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उत्साहपूर्वक उद्यान में भ्रमण करते नजर आए। फूलों की क्यारियों और हरियाली के बीच फोटो और सेल्फी लेने को लेकर लोगों में खासा उत्साह दिखा। मोबाइल कैमरों में यादगार पलों को कैद करते हुए लोग उद्यान की सुंदरता की जमकर सराहना कर रहे थे।
लोक भवन उद्यान के खुलने का प्रकृति प्रेमी लंबे समय से इंतजार कर रहे थे। जैसे ही इसे आम जनता के लिए खोला गया, लोग अनुशासित तरीके से प्रवेश करते नजर आए। विद्यार्थियों में विशेष उल्लास देखने को मिला, जबकि बुजुर्ग शांत वातावरण में टहलते हुए प्रकृति का आनंद लेते दिखे। कई लोग सुबह की सैर के दौरान हरियाली के बीच समय बिताते नजर आए।
इस बार उद्यान में गुलाबों की विशेष बहार देखने को मिल रही है। यहां 30 हजार से अधिक गुलाब के फूल लगाए गए हैं। लाल, पीले और गुलाबी गुलाबों से पूरा परिसर रंगीन नजर आ रहा है। खास आकर्षण उन पौधों का है, जिनमें एक ही पेड़ पर अलग-अलग रंगों के गुलाब खिले हुए हैं।
उद्यान में झारखंड की सांस्कृतिक पहचान को भी उकेरा गया है। सोहराई पेंटिंग, महापुरुषों और शहीदों की प्रतिमाएं दर्शकों के आकर्षण का केंद्र बनी हुई हैं। इसके अलावा पीला बांस, रुद्राक्ष, कल्पतरु, स्ट्रॉबेरी, इलायची और तेजपत्ता जैसे पौधे भी लोगों को खासा प्रभावित कर रहे हैं।
प्रशासन की ओर से सुरक्षा और व्यवस्था को लेकर सभी आवश्यक इंतजाम किए गए हैं। इस बार पहली बार लगाए गए ट्यूलिप फूलों में अच्छी फ्लावरिंग हुई है, जिसे देखने के लिए लोग विशेष रूप से पहुंच रहे हैं। इसके अलावा कैना लिली, मरक्यूरिस और रेननकुलस जैसे नए फूल भी दर्शकों का ध्यान खींच रहे हैं। लोक भवन उद्यान 2 फरवरी से 8 फरवरी तक आम जनता के लिए खुला है। दर्शक सुबह 10 बजे से दोपहर 3 बजे तक उद्यान का भ्रमण कर सकते हैं, हालांकि प्रवेश दोपहर 1 बजे तक ही दिया जा रहा है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित