अमृतसर , मार्च 05 -- पंजाब में अमृतसर से कांग्रेस सांसद औजला ने गुरुवार को कहा कि राज्य की आम आदमी पार्टी (आप) सरकार ने केवल विज्ञापनों के जरिए विकास का भ्रम पैदा किया है, जबकि हकीकत में पंजाब कर्ज और अपराध के दलदल में धंस चुका है।

जिला कांग्रेस कार्यालय में प्रेस कॉन्फ्रेंस दौरान श्री औजला, पूर्व मंत्री डॉ राजकुमार वेरका, पूर्व विधायक सुनील दत्ती, पूर्व विधायक जुगल किशोर शर्मा, पूर्व विधायक अनिल जोशी और जिला अध्यक्ष सौरभ मिट्ठू मदान ने आप सरकार पर तीखे हमले किये।

श्री औजला ने कहा कि सरकार ने चुनाव से पहले महिलाओं को एक हजार रुपये प्रति माह देने का वादा किया था। पिछले चार वर्षों का प्रति महिला 48,000 रुपये बकाया है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा, " मुख्यमंत्री को नया वादा करने से पहले पुराना 48,000 रुपया देकर पंजाब की माताओं-बहनों से माफी मांगनी चाहिए। अब दोबारा चुनाव आते देख ये फिर से झूठे वादों की पोटली लेकर निकल पड़े हैं।"शिक्षा को लेकर श्री औजला ने कहा कि 'स्कूल ऑफ एमिनेंस' के नाम पर पहले से बने स्कूलों (जैसे मॉल रोड और छेहरटा स्कूल) को केवल बाहर से रंग-रोगन कर निजी कंपनियों को ठेका दे दिया गया है। कई स्कूलों में स्थायी प्रधानाचार्य तक नहीं हैं। स्वास्थ्य सेवाओं पर कटाक्ष करते हुए उन्होंने कहा कि सरकार ने 16 मेडिकल कॉलेजों के विज्ञापन दिये, लेकिन एक की भी नींव नहीं रखी गयी। उन्होंने कहा, "जब मुख्यमंत्री खुद बीमार होते हैं तो फोर्टिस (प्राइवेट अस्पताल) जाते हैं, कम से कम एक टेस्ट तो आम आदमी क्लीनिक में करवा कर देखें। "राज्य की कानून-व्यवस्था पर चिंता जताते हुए कांग्रेस नेताओं ने कहा कि पंजाब में लॉ एंड ऑर्डर पूरी तरह ध्वस्त हो चुका है। व्यापारियों को सरेआम फिरौती की कॉल आ रही हैं और मना करने पर गोलियां चलायी जा रही हैं। गांवों में शाम के बाद लोग असुरक्षित महसूस करते हैं। इसी असुरक्षा के कारण पंजाब की इंडस्ट्री और इन्वेस्टमेंट दूसरे राज्यों में पलायन कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि तहसील और थानों में भ्रष्टाचार 10 गुना बढ़ गया है। पंजाब का पैसा विज्ञापन के नाम पर बाहरी कंपनियों को लुटाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि पंजाब की कमान दिल्ली के हाथों में है, हर विभाग में दिल्ली का हस्तक्षेप है, जिससे अधिकारी स्वतंत्र रूप से काम नहीं कर पा रहे हैं।

सांसद ने कहा कि अकाली दल और भाजपा अपनी आंतरिक फूट से जूझ रहे हैं, जबकि कांग्रेस एकजुट है। उन्होंने जनता से अपील की कि वे पंजाब को बचाने के लिए कांग्रेस की धर्मनिरपेक्ष सोच का साथ दें।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित