नयी दिल्ली , अप्रैल 19 -- आम आदमी पार्टी के दिल्ली प्रमुख सौरभ भारद्वाज ने उपराज्यपाल तरनजीत सिंह संधू को पत्र लिखकर गार्गी कॉलेज में जबरन घुसने एवं परिसर में अशांति फैलाने के आरोपी अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) सदस्यों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
श्री भारद्वाज ने अपने पत्र में उपराज्यपाल से तत्काल बैठक का अनुरोध किया है ताकि वे 17 अप्रैल की घटना का विस्तृत विवरण प्रस्तुत कर सकें और पुलिस को मामला दर्ज करने और इसमें शामिल लोगों के खिलाफ कार्रवाई करने के निर्देश जारी करने का आग्रह किया। उन्होंने आरोप लगाया कि अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद से जुड़े एक समूह ने बिना अनुमति के महिला महाविद्यालय में प्रवेश किया, गेट तोड़ दिया जिससे छात्रों एवं कर्मचारियों के बीच दहशत फैल गयी थी।
आम आदमी पार्टी के नेता के अनुसार, यह घटना पुलिसकर्मियों की मौजूदगी में घटी लेकिन न तो प्रवेश रोकने के लिए और न ही इसमें शामिल लोगों को हिरासत में लेने के लिए तत्काल कोई कार्रवाई की गई। उन्होंने यह भी दावा किया कि इस मामले में अभी तक कोई केस दर्ज नहीं किया गया है।
आप नेता भारद्वाज ने कहा कि इस घटना से छात्राओं की सुरक्षा, विशेषकर महिला संस्थानों को लेकर चिंताएं बढ़ गई हैं और उन्होंने स्थिति से निपटने में पुलिस की भूमिका पर सवाल उठाया। उन्होंने कहा कि जारी छात्र चुनाव प्रक्रिया के दौरान ऐसी घटनाएं अस्वीकार्य हैं और उन्होंने इस मामले में जवाबदेही की मांग की है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित