मुंबई , फरवरी 09 -- आमिर खान प्रोडक्शंस ने आधिकारिक तौर पर ऐलान किया है कि अरिजीत सिंह अपनी आवाज़ अपकमिंग फिल्म एक दिन के लिए देंगे।

प्रोडक्शन हाउस के अनुसार, आमिर खान ने खुद अरिजीत सिंह के साथ इस गाने पर काम किया। यह म्यूज़िक सेशन अरिजीत के मुरशिदाबाद में होमटाउन में हुआ।इससे पहले कयास लगाए जा रहे थे जब अरिजीत सिंह के प्लेबैक सिंगिंग से दूरी बनाने की घोषणा के बाद आमिर खान उनसे मिलने पहुंचे थे। कई लोगों का मानना था कि आमिर उन्हें वापसी के लिए मनाने गए हैं। अब इन अटकलों पर विराम लग गया है, क्योंकि यह मुलाकात वाकई इसी प्रोजेक्ट के लिए थी।

सोशल मीडिया पर यह खबर शेयर करते हुए लिखा गया, "एक दिन के म्यूज़िक में इतनी भावना और दिल जोड़ने के लिए धन्यवाद अरिजीत। फिल्म एक दिन के जरिए आमिर खान लंबे समय बाद निर्देशक-प्रोड्यूसर मंसूर खान के साथ फिर से काम कर रहे हैं। इससे पहले यह आइकॉनिक जोड़ी कयामत से कयामत तक, जो जीता वही सिकंदर, अकेले हम अकेले तुम और जाने तू. या जाने ना जैसी यादगार फिल्में दे चुकी है।

आमिर खान प्रोडक्शंस के बैनर तले बनी एक दिन में साई पल्लवी और जुनैद खान लीड रोल में हैं। फिल्म का निर्देशन सुनील पांडे ने किया है और इसे आमिर खान, मंसूर खान और अपर्णा पुरोहित ने प्रोड्यूस किया है। एक दिन एक मई 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज़ होने वाली है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित