धार , फरवरी 3 -- आबकारी विभाग द्वारा अवैध शराब परिवहन एवं भंडारण के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत धार जिले में बड़ी कार्रवाई की गई है। सहायक आबकारी आयुक्त जिला धार राजनारायण सोनी के मार्गदर्शन में एवं सहायक जिला आबकारी अधिकारी शालिनी सिंह के नेतृत्व में आबकारी टीम ने नालछा और बदनावर क्षेत्र से अवैध शराब जब्त कर आरोपियों के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धाराओं में प्रकरण दर्ज किया है।

विभाग को मुखबिर से सूचना मिली थी कि भीलबरखेड़ा गांव में एक व्यक्ति अपने मकान में अवैध रूप से शराब का भंडारण कर उसकी बिक्री कर रहा है। सूचना के आधार पर आबकारी टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर घेराबंदी करते हुए तलाशी ली। तलाशी के दौरान मौके से बोल्ट केन बीयर एवं गोआ व्हिस्की बरामद की गई। जब्त की गई शराब की अनुमानित कीमत करीब 36 हजार रुपये बताई जा रही है। कार्रवाई के दौरान आरोपी दिनेश पिता रमेश फूलगर मौके का फायदा उठाकर फरार हो गया।

इसी क्रम में बदनावर वृत्त अंतर्गत मनासा-पायकुंडा रोड पर ग्राम पलवाड़ा एवं ग्राम बडगारा के बीच चार पहिया वाहन क्रमांक एमपी 09 एटी 9824 से 25 पेटी विदेशी शराब जब्त की गई। इस मामले में अज्ञात आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है।

इस कार्रवाई में सहायक जिला आबकारी अधिकारी प्रशांत मंडलोई, नानूराम अलावा, दिनेश उदैनिया, राजकुमारी मंडलोई सहित आबकारी उप निरीक्षक राजकुमार शुक्ला, रोहित मुकाती, सृष्टि गिरवाल, मुनेंद्र जादौन तथा धार, सागौर, सरदारपुर और बदनावर वृत्त के स्टाफ का महत्वपूर्ण योगदान रहा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित