उदयपुर , मार्च 25 -- राजस्थान में आबकारी विभाग के आबकारी निरोधक दलों द्वारा गश्त, नाकाबंदी एवं दबिश की कार्रवाई करते हुए हजारों लीटर वॉश, भट्टियां नष्ट करते हुए अवैध मदिरा जब्त की।
आबकारी विभाग द्वारा बुधवार को जारी विज्ञप्ति के अनुसार हनुमानगढ़ जिले में आबकारी थाना हनुमानगढ़ एवं संगरिया ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए पन्नीवाली, फतेहपुर, अमरपुरा थेड़ी में 1200 लीटर वॉश नष्ट किया। चुरू में आबकारी निरोधक दल ने 82 पव्वे देशी मदिरा एवं 12 लीटर अवैध हथकड़ शराब जब्त की। नागौर के परबतसर में पड़त दुकानों के क्षेत्र में कार्रवाई करके 500 लीटर वॉश नष्ट करते हुए 10 लीटर हथकड़ शराब बरामद की।
इसी प्रकार, चित्तौड़गढ़ जिले में आबकारी थाना क्षेत्र निम्बाहेड़ा में नाकाबंदी के दौरान ईको वेन से देशी सादा की मदिरा की आठ पेटियां, देशी मदिरा लॉयन सादा के चार पेटियां, बीयर टुबोर्ग स्ट्रोंग प्रिमियम की दो पेटियां सहित 14 पेटियां शराब एवं बीयर बरामद की गयीं।
बांसवाड़ा जिले में आबकारी थाना क्षेत्र बांसवाड़ा एवं कुशलगढ़ में दबिश की कार्रवाई में तीन हजार लीटर महुवा वॉश नष्ट किया गया। मौके से 48 बोतल अवैध हथकड़ शराब जब्त करके चार मामले दर्ज किए गये।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित