उदयपुर , दिसम्बर 30 -- राजस्थान में अवैध मदिरा के विक्रय की रोकथाम एवं हानिकारक मदिरा के दुष्प्रभावों से बचाव के लिए आबकारी विभाग का मदिरा की बोतल पर लगे होलोग्राम स्टीकर की जांच पर आधारित 'सिटीजन ऐप' काफी उपयोगी है और अब गूगल प्ले स्टोर पर भी उपलब्ध है।

इस ऑनलाइन ऐप के माध्यम से मदिरा बोतल के संबंध में पूर्ण सूचना मदिरा क्रेता अथवा उपभोगकर्ता को वास्तविक समय में प्राप्त हो जाती है।

आबकारी आयुक्त शिवप्रसाद नकाते ने मंगलवार को यहां बताया कि अनधिकृत स्रोत से क्रय की गयी मदिरा जहरीली एवं जानलेवा साबित हो सकती है,अतः उपभोगकर्ता को जागरूकता के साथ अधिकृत अनुज्ञाधारी मदिरा दुकान से ही मदिरा क्रय करनी चाहिए। इसी क्रम में आबकारी विभाग का ऑनलाइन मोबाईल ऐप 'सिटीजन ऐप' काफी उपयोगी है, इस ऐप को एंड्रायड मोबाइल फोन उपयोगकर्ता गूगल प्ले स्टोर से आसानी से डाउनलोड कर उपयोग कर सकते हैं।

उन्होंने बताया कि इस ऐप के माध्यम से मदिरा की बोतल पर लगे होलोग्राम स्टीकर के क्यूआर कोड को स्केन करने अथवा बोतल पर अंकित क्यूआर नम्बर दर्ज करने पर मदिरा का ब्रांड, अधिकतम मूल्य, पैकिंग साइज, बैच नम्बर, उत्पादन की दिनांक एवं निर्माता का नाम आदि सूचना प्रदर्शित हो जाती है। इस प्रकार मदिरा क्रेता को अधिकृत मदिरा, वास्तविक मूल्य सहित उपयोगी जानकारी वास्तविक समय में प्राप्त हो जाती है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित