चंडीगढ़ , मार्च 19 -- पंजाब कांग्रेस ने अमृतसर जिले के मजीठा में आम आदमी पार्टी के सरपंच लवप्रीत सिंह से 4.5 किलो हेरोइन बरामद होने के मामले में किसी केंद्रीय एजेंसी से स्वतंत्र और गहन जांच कराने की मांग की है।
इस गिरफ्तारी पर प्रतिक्रिया देते हुए, पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग ने गुरूवार को कहा कि इससे पहले भी तरनतारन से आम आदमी पार्टी के एक अन्य सरपंच को हेरोइन सहित गिरफ्तार किया गया था। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी के नेताओं का पुलिस पर बड़ा प्रभाव होने के चलते निष्पक्ष जांच कराना मुश्किल हो सकता है। इसलिए जांच की निष्पक्षता और विश्वसनीयता सुनिश्चित करने के लिए इस मामले की जांच केंद्र सरकार की किसी एजेंसी से कराई जानी चाहिए।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने जोर देते हुए, कहा कि कांग्रेस लगातार यह कहती रही है कि पंजाब में नशे पर लगाम लगाने में आप सरकार पूरी तरह विफल रही है और उसकी "युद्ध नशियां विरुद्ध" मुहिम भी पार्टी की अन्य योजनाओं की तरह झूठी साबित हुई है। श्री वड़िंग ने कहा कि आज की गिरफ्तारी से आप के वे दावे बेनकाब हो गए हैं, जिनमें कहा जाता था कि राज्य में नशे पर काबू पा लिया गया है, जबकि इनकी नाक के नीचे ही नशे की तस्करी हो रही है। उन्होंने कहा कि लवप्रीत जैसे लोगों को संरक्षण देने की जिम्मेदारी से आप नेतृत्व बच नहीं सकता है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित