रायपुर , फरवरी 13 -- आम आदमी पार्टी (आप) ने प्रदेश की भाजपा सरकार पर किसान विरोधी नीतियां अपनाने का गंभीर आरोप लगाया और 14 फरवरी से किसान न्याय जनसभा का ऐलान किया है।

पार्टी का कहना है कि सरकार की नाकामी के कारण इस वर्ष खरीफ सीजन में प्रदेश के लाखों किसान अपनी उपज धान नहीं बेच पाए, जिससे वे आर्थिक संकट में घिर गए हैं।

रायपुर स्थित प्रदेश कार्यालय में शुक्रवार को आयोजित पत्रकार वार्ता में प्रदेश महासचिव वदूद आलम ने आरोप लगाते हुए कहा कि भाजपा सरकार ने जानबूझकर किसानों को धान बेचने से वंचित रखा। उन्होंने दावा किया कि प्रदेश के सात लाख से अधिक किसान अपनी फसल नहीं बेच पाए, जिससे करीब 23 लाख टन धान (लगभग 7130 करोड़ रुपये मूल्य) अप्राप्य रह गया। उन्होंने बताया कि इनमें 2.5 लाख पंजीकृत किसान तो सीधे तौर पर खरीदी से वंचित रहे, जबकि एग्रीस्टेक पोर्टल की तकनीकी खामियों और रकबा समर्पण जैसी समस्याओं के चलते अन्य पांच लाख किसान धान बेचने का मौका ही नहीं पा सके।

उन्होंने कहा कि सरकार की इस उदासीनता के कारण किसानों के सामने अभूतपूर्व आर्थिक संकट पैदा हो गया है। फसल के लिए लिए गए ऋण की अदायगी और वर्षभर के घरेलू खर्चों का संकट गहरा गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि धान न बिकने से निराश होकर एक दर्जन से अधिक किसानों ने आत्महत्या का प्रयास किया और दो किसानों ने आत्महत्या भी कर ली, जो सरकार की किसान विरोधी नीति की बानगी है।

उन्होंने हाल ही में उर्वरकों के दामों में हुई बढ़ोतरी को भी किसानों के शोषण का एक और उदाहरण बताया। उन्होंने कहा कि सरकार ने पोटाश के दाम बढ़ा दिए हैं। वहीं, यूरिया की बोरी का वजन पहले 50 किलो से घटाकर 45 किलो और अब 40 किलो कर दिया गया है, लेकिन उसके मूल्य (267 रुपये) में कोई कमी नहीं की गई। उन्होंने यह भी कहा कि धान बिक्री के बाद भी किसानों को भुगतान लेने के लिए सहकारी बैंकों में सुबह से शाम तक धूप में खड़े रहना पड़ रहा है और एक बार में मात्र 25 हजार रुपये का भुगतान किए जाने से वे और अधिक परेशान हो रहे हैं।

उन्होंने केंद्र सरकार पर भी निशाना साधते हुए कहा कि अमेरिका के साथ हुई ट्रेड डील में कृषि उत्पादों पर शून्य प्रतिशत टैरिफ लगाए जाने से देश का किसान बर्बाद हो जाएगा। इस डील के तहत अमेरिका का सस्ता कृषि और डेयरी उत्पाद भारतीय बाजार में बाढ़ लाएगा, जिससे घरेलू किसानों को भारी नुकसान होगा।

इन्हीं मुद्दों को लेकर आम आदमी पार्टी ने प्रदेश भर में किसानों से संवाद करने की योजना बनाई है। श्री वदूद आलम ने बताया कि पार्टी 14 फरवरी 2026 से पूरे प्रदेश में विधानसभा स्तर पर 'किसान न्याय जनसभा' आयोजित करेगी। इन सभाओं में पार्टी स्थानीय किसानों की समस्याएं सुनेगी और उनकी आवाज को प्रदेश स्तर पर मजबूती से उठाएगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित