जालंधर,03 मई ( वार्ता ) आम आदमी पार्टी (आप) व्यापार प्रकोष्ठ और महिला प्रकोष्ठ जिला जालंधर ने रविवार को कंपनी बाग चौक, जालंधर में वाणिज्यिक गैस सिलेंडरों की अभूतपूर्व मूल्य वृद्धि के खिलाफ विशाल प्रदर्शन किया।

यह विरोध प्रदर्शन केंद्र सरकार द्वारा एक मई, 2026 को 19 किलो के कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर की कीमत में रिकॉर्ड 993 की बढ़ोतरी किए जाने के फैसले के बाद किया गया। इस बढ़ोतरी के बाद कई क्षेत्रों में सिलेंडर की कीमत 3,071 से अधिक हो गई है।आप व्यापार प्रकोष्ठ और महिला प्रकोष्ठ के पदाधिकारी एवं स्वयंसेवक बड़ी संख्या में एकत्र हुए और मूल्य वृद्धि को तुरंत वापस लेने की मांग की।

राज्य सचिव हरिंदरपाल सिंह मनोचा ने महंगाई पर नियंत्रण करने में केंद्र सरकार की "पूर्ण विफलता" की आलोचना की। उन्होंने कहा कि यह लगातार तीसरा मासिक इजाफा है, जिससे मार्च से अब तक कुल बढ़ोतरी 1,300 रुपए से अधिक हो चुकी है।

जिला प्रधान (ट्रेड विंग जालंधर शहरी) इंद्रवंश सिंह ने भाजपा नीत सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि प्रशासन आर्थिक मोर्चे पर विफल रहा है, जबकि भारतीय मुद्रा अमेरिकी डॉलर के मुकाबले लगातार कमजोर हो रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित