लखनऊ , दिसंबर 11 -- आम आदमी पार्टी (आप) के वरिष्ठ नेता और राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने कहा कि उत्तर प्रदेश में तीन करोड़ से अधिक वोट काटने की तैयारी की जा रही है, जो लोकतंत्र और संविधान पर सीधा हमला है।
उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार नागरिकों के सबसे बड़े मौलिक अधिकार मताधिकार को कमजोर करने की साजिश रच रही है। जिसके खिलाफ आम आदमी पार्टी 21 से 26 दिसंबर तक "वोट बचाओ-संविधान बचाओ" पदयात्रा का आयोजन करेगी। यह पदयात्रा रामपुर से प्रारंभ होकर मुरादाबाद होते हुए अमरोहा तक पहुंचेगी।
श्री सिंह ने कहा कि बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर ने संविधान बनाते समय हर नागरिक को समान वोट का अधिकार दिया था। उन्होंने कहा, "राष्ट्रपति का वोट भी एक और गांव में रहने वाले मजदूर-किसान का वोट भी एक यह हमारे लोकतंत्र की आत्मा है। आज उसी अधिकार को छीनने की कोशिश की जा रही है, जो देश के भविष्य के लिए सबसे बड़ा खतरा है।" उन्होंने कहा कि अगर जनता का वोट ही नहीं रहेगा तो उसकी आवाज और अधिकार दोनों खत्म हो जाएंगे, इसलिए इस मुद्दे पर पूरे समाज को खड़ा होना होगा।
उन्होंने बताया कि आम आदमी पार्टी की यह पदयात्रा सिर्फ राजनीतिक कार्यक्रम नहीं बल्कि जनांदोलन है, जिसका उद्देश्य संविधान और लोकतंत्र की रक्षा करना है। उन्होंने कहा कि जो भी नागरिक इस आंदोलन का हिस्सा बनना चाहते हैं, वे मोबाइल नंबर 7500040004 पर मिस्ड कॉल देकर पदयात्रा से जुड़ सकते हैं। आम आदमी पार्टी के अनुसार प्रदेशभर से बड़ी संख्या में लोग इस पदयात्रा में शामिल होने के लिए उत्साह दिखा रहे हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित