चंडीगढ़ , अप्रैल 10 -- पंजाब प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग ने शुक्रवार को यहां चेतावनी दी कि आम आदमी पार्टी (आप) सरकार खराब वित्तीय प्रबंधन और रोजमर्रा के खर्चों, जैसे कर्मचारियों के वेतन के लिए भी बेहिसाब कर्ज लेकर अगली सरकार के लिए भारी वित्तीय बोझ तैयार कर रही है। श्री वडिंग ने कहा कि जो सरकार अपने कर्मचारियों को वेतन नहीं दे सकती, उसे सत्ता में रहने का कोई अधिकार नहीं है। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा राज्य की वित्तीय स्थिति पर श्वेत पत्र जारी करने में विफल रहने के कारण कांग्रेस अब आप सरकार के खिलाफ एक विस्तृत वित्तीय चार्जशीट लाएगी कि किस तरह बिना नए संसाधन पैदा किए फिजूलखर्ची कर राज्य की अर्थव्यवस्था को नुकसान पहुंचाया गया है।

उन्होंने खुलासा किया कि 2022 विधानसभा चुनाव से पहले आप सुप्रीमो अरविंद केजरीवाल और श्री भगवंत मान ने दावा किया था कि रेत खनन से हर साल 20,000 करोड़ रुपये की आय होगी और भ्रष्टाचार में 30 प्रतिशत कमी लाकर बड़ी बचत की जाएगी। उन्होंने याद दिलाया कि कैसे दो आप नेताओं ने लोगों को यह विश्वास दिलाकर धोखा दिया था कि आप सरकार हर साल लगभग एक लाख करोड़ रुपये की बचत करेगी।

उन्होंने जोर देकर कहा कि हकीकत में आप शासन के दौरान हालात और खराब हो गए हैं। राज्य का कर्ज चार लाख करोड़ रुपये से अधिक हो चुका है। उन्होंने कहा कि स्थिति यह है कि सरकार के पास कर्मचारियों के वेतन देने के लिए भी पैसे नहीं हैं और इसके लिए भी कर्ज लिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि यह आप की एक अन्य संदिग्ध प्राप्ति है, जो राज्य के इतिहास में पहली बार हो रहा है।

श्री वड़िंग ने सरकार द्वारा उच्च न्यायालय के उस आदेश को चुनौती देने की तैयारी की खबरों की भी आलोचना की, जिसमें 30 जून तक कर्मचारियों और पेंशनरों को डीए बकाया देने को कहा गया है। उन्होंने कहा कि यह पहली बार है कि सरकार ऐसे अदालती आदेशों को चुनौती दे रही है, जो कर्मचारियों और पेंशनरों के बकाए भुगतान करने के लिए कहते हैं। यह कर्मचारियों को अदायगी करने के लिए सरकार के पास पैसे न होने के लिए कहने के समान है।

उन्हाेंने यह भी खुलासा किया कि उनके पास विश्वसनीय जानकारी है कि पंजाब सरकार उच्च ब्याज दर पर और अधिक कर्ज लेने की कोशिश कर रही है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष चेतावनी दी कि थोड़े समय की राहत के लिए सरकार राज्य की आर्थिक स्थिरता को खतरे में डाल रही है और अगली सरकार के लिए भारी जिम्मेदारियां छोड़ रही है, क्योंकि वह जानती है कि उसकी उल्टी गिनती शुरू हो चुकी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित