मुरादाबाद , अप्रैल 15 -- उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद में गेहूं की फसल काटने के दौरान बंटवारे को लेकर हुए आपसी विवाद में घायल व्यक्ति की इलाज़ के दौरान मौत हो गई।
पुलिस ने इस मामले में चार लोगों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस सूत्रों ने बुधवार को बताया कि 14 अप्रैल को थाना सिविल लाइन्स क्षेत्रान्तर्गत सगे भाई-भतीजों के बीच पैतृक खेत के बंटवारे को लेकर विवाद हो गया था। हिमगिरी कालोनी के समीप रेलवे लाइन के निकट स्थित खेत में खड़ी गेहूँ की फसल को सुरेश कुमार (निवासी हड्डी मिल के पास, लाइनपार, थाना मझोला) अपनी पत्नी और सास के साथ काटकर अपने घर ले जा रहे थे।
इसी दौरान उनके सगे-संबंधियों ने उन्हें रोकने की कोशिश की, आरोप है कि सुरेश कुमार के नहीं मानने पर गुस्साए आरोपी विजय अपने बेटों और अन्य लोगों को साथ लेकर सुभाष के ट्रैक्टर से लाठी-डंडे और दरांती लेकर पहुंचे। काफी समझाने के बावजूद जब वे नहीं माने तो आरोपियों ने सुरेश कुमार, उनकी पत्नी और सास पर लाठी-डंडों व दरांती से हमला कर दिया। मारपीट में सुरेश कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए और उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई, जबकि दो महिलाएं भी गंभीर रूप से घायल हुईं।
घटना की सूचना मिलते ही थाना सिविल लाइन्स पुलिस ने मृतक की साली की तहरीर पर तुरंत मुकदमा दर्ज कर लिया। घटना की सूचना मिलने पर उच्चाधिकारियों ने मौका मुआयना किया। पुलिस ने आज रंजीत, सुरजीत, विजय (सभी निवासी आदर्श कालोनी, फाटक के पास, थाना सिविल लाइन्स) और सुभाष उर्फ सुंदर लाल (निवासी सिरकोई भूड, भोगपुर मिठोनी, थाना मझोला) को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों की निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त एक लाठी, एक लोहे का पाइप और एक दरांती बरामद की गई है।
पुलिस आरोपीयों के आपराधिक इतिहास की जांच कर रही है। अग्रिम विधिक कार्रवाई जारी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित