हनुमानगढ़ , मार्च 25 -- राजस्थान में हनुमानगढ़ जिले के हनुमानगढ़ थाना क्षेत्र में पाकिस्तानी आतंकी शहजाद भट्टी के सोशल मीडिया अकाउंट से संपर्क बनाने और उसके हथियारों की तस्वीरें शेयर करने के आरोप में स्थानीय निवासी जसवंत उर्फ सोनू कुमार को पुलिस ने बुधवार को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस अधीक्षक नरेंद्रसिंह मीणा ने बुधवार की शाम इस मामले में विस्तृत खुलासा करते हुए बताया कि आरोपी गांव किशनपुरा दिखनादा का रहने वाला है और उसका अपराधिक इतिहास काफी लंबा है। उन्होंने बताया कि जसवंत आपराधिक प्रवृत्ति का व्यक्ति है। उसके विरुद्ध हनुमानगढ़ के विभिन्न थानों में अवैध रूप से नशीले पदार्थ रखने, दुष्कर्म और अन्य गंभीर धाराओं में कुल चार मामले दर्ज हैं। वह लंबे समय तक जेल में भी रह चुका है। वर्तमान में भी वह संदिग्ध गतिविधियों में संलिप्त पाया गया है।
श्री मीणा ने बताया कि जांच में पता चला कि सोनू ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट के जरिए पाकिस्तानी आतंकी शहजाद भट्टी से संपर्क साधने की कोशिश की। शहजाद भट्टी पाकिस्तान का एक सक्रिय आतंकवादी है, जो लगातार भारत में आतंक फैलाने, भारत की संप्रभुता, एकता और अखंडता को खतरे में डालने वाले कार्यों में शामिल रहा है। भट्टी इंस्टाग्राम जैसे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर अपने फॉलोअर्स बनाए रखता है, जो उसके लिए काम करते हैं और स्लीपर सेल के रूप में भारत में उसकी गतिविधियों को सहयोग प्रदान करते हैं।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि जसवंत उर्फ सोनू ने शहजाद भट्टी की इंस्टाग्राम आईडी पर अपलोड की गई हथियारों की तस्वीरों और अन्य पोस्ट को अपने इंस्टाग्राम अकाउंट से सार्वजनिक रूप से लाइक, शेयर और प्रदर्शित किया। इसके अलावा उसने जानबूझकर भट्टी को फॉलो किया, अपना मोबाइल नंबर भेजा और उसके पोस्ट को शेयर करके भारत की आंतरिक सुरक्षा, संप्रभुता, एकता तथा अखंडता को गंभीर खतरे में डाला।
पुलिस अब इस पूरे मामले की गहन जांच कर रही है। जसवंत से पूछताछ जारी है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि सोनू कितने समय से शहजाद भट्टी से जुड़ा हुआ था और इस साजिश में उसके साथ कौन-कौन से अन्य व्यक्ति शामिल हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित