पटना, मार्च 16 -- बिहार के नव नियुक्त राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल (सेवानिवृत्त) सैयद अता हसनैन ने बिहार आपदा प्रबंधन के लिए उठाए गए महत्वपूर्ण कदमों को लेकर विभागीय पदाधिकारियों को बधाई दी और कहा कि बाढ़ प्रभावित उत्तर बिहार के लोगों से वह शीघ्र जाकर मुलाकात करेंगे।
बिहार के राज्यपाल का पदभार संभालने के बाद श्री हसनैन का बिहार राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण की ओर से सोमवार को स्वागत एवं अभिनंदन समारोह आयोजित किया गया।
राज्यपाल श्री हसनैन ने इस अवसर पर कहा कि आपदा प्रबंधन के लिए तकनीक और फंडिंग पर सभी को मिलकर काम करना होगा। उन्होंने आपदा प्रबंधन के लिए राज्य में चलाई जा रही योजनाओं और उनके सफल क्रियान्वयन पर प्राधिकरण को बधाई देते हुए कहा कि पदाधिकारियों को स्वयं के साथ आंतरिक समीक्षा पर भी जोर देना होगा। आपदा प्रबंधन में प्रोफेशनल अटेंशन जरूरी है। आपदा की घटनाओं से सबसे अधिक बच्चे, महिलाएं और बूढ़े प्रभावित होते हैं। यह खुशी की बात है कि बिहार जैसे राज्य में इन वर्गों को ध्यान में रखते हुए योजनाएं बनाई गई हैं। आपदा प्रबंधन के लिए राज्य भर में जन-जागरुकता अभियान चलाने पर जोर दिया। कहा कि इसे स्कूलों में विशेष रूप से लागू किया जाना चाहिए।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित