देहरादून , मार्च 20 -- उत्तराखंड के मसूरी विधानसभा क्षेत्र से विधायक और सरकार में मंत्री गणेश जोशी ने शुक्रवार को सहस्त्रधारा स्थित एक होटल में ग्राम्य विकास विभाग के अंतर्गत संचालित ग्रामोत्थान (रिप) परियोजना के तहत विकास खण्ड रायपुर के आपदा प्रभावित तीन गांवों के 110 परिवारों को राहत राशि प्रदान की।

इस दौरान उन्होंने विभिन्न स्वयं सहायता समूहों को भी 87 लाख रुपये से अधिक की सहायता राशि के चेक वितरित किए।

इस अवसर पर श्री जोशी ने कहा कि राज्य सरकार आपदा प्रभावित क्षेत्रों के पुनर्वास और महिलाओं के आजीविका संवर्धन और सशक्तिकरण के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि रिप परियोजना के माध्यम से ग्रामीणों को स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराए जा रहे हैं, जिससे उनकी आर्थिक स्थिति मजबूत हो सके।

मंत्री जोशी ने स्वयं सहायता समूह की महिलाओं को संबोधित करते हुए कहा कि आज की नारी परिवार तक सीमित नहीं है, बल्कि वह आर्थिक और सामाजिक बदलाव की मजबूत आधारशिला बन चुकी है। उन्होंने कहा कि स्वयं सहायता समूहों से जुड़कर महिलाएं न सिर्फ आत्मनिर्भर बन रही हैं, बल्कि अपने गांव और समाज को भी आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार महिलाओं को स्वरोजगार और उद्यमिता से जोड़ने के लिए हर संभव सहयोग प्रदान कर रही है, ताकि वे सशक्त बनकर प्रदेश के विकास में भागीदार बन सकें। उन्होंने कहा कि महिलाएं ग्रामीण अर्थव्यवस्था की रीढ़ हैं और सरकार उन्हें हर स्तर पर प्रोत्साहित कर रही है। उन्होंने कहा कि अभी तक प्रदेश में 2.55 लाख से अधिक लखपति दीदी बन चुकी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित