शिवपुरी , मार्च 14 -- मध्यप्रदेश के शिवपुरी जिले में सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक वीडियो वायरल करने के मामले में एक शासकीय शिक्षक को निलंबित कर दिया गया है।
आधिकारिक सूत्रों के अनुसार पोहरी अनुविभाग के सेमरखेड़ी संकुल अंतर्गत आदिवासी बस्ती स्थित शासकीय प्राथमिक विद्यालय के शिक्षक साकेत पुरोहित को जिला शिक्षा अधिकारी विवेक श्रीवास्तव ने आज तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया।
सूत्रों ने बताया कि शिक्षक द्वारा सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक वीडियो वायरल किया गया था, जिससे शिक्षा विभाग की छवि धूमिल हुई है और यह आचरण अत्यंत आपत्तिजनक माना गया है।
उन्होंने बताया कि सिविल सेवा नियमों के आधार पर शिक्षक के विरुद्ध यह कार्रवाई की गई है। उल्लेखनीय है कि वायरल वीडियो में रसोई गैस सिलेंडर को लेकर आपत्तिजनक व्यंग्यात्मक टिप्पणी किए जाने की बात सामने आई है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित