चंपावत , दिसम्बर 02 -- उत्तराखंड के मुख्य सचिव आनन्द बर्द्धन ने मंगलवार को चंपावत की गोल्ज्यू कॉरिडोर परियोजना के साथ ही विभिन्न विकास योजनाओं का निरीक्षण कर आवश्यक निर्देश दिये।

मुख्य सचिव दो दिवसीय दौरे के आखिरी दिन आज चंपावत पहुंचे और गोल्ज्यू मंदिर एवं प्राचीन बालेश्वर मंदिर में दर्शन किए। इस दौरान उन्होंने गोल्ज्यू कॉरिडोर परियोजना का निरीक्षण किया। लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता मोहन पलड़िया ने मुख्य सचिव को परियोजना से जुड़े सभी घटकों, संरचनाओं और कार्ययोजना की विस्तृत प्रस्तुति दी।

मुख्य सचिव ने कॉरिडोर परिसर का भ्रमण भी किया और सौंदर्यीकरण कार्यों की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि समस्त विकास कार्य निर्धारित समय सीमा के अंदर पूरा करें और कहा कि गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखें।

इसके उपरांत मुख्य सचिव ने बालेश्वर मंदिर परिसर का निरीक्षण किया। उन्होंने मंदिर के पुरातात्विक स्वरूप को संरक्षित रखने के निर्देश दिए।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित