रामनगर , दिसंबर 23 -- जापान की प्रसिद्ध कंपनी फुजीफिल्म ने अपनी कॉरपोरेट सोशल रिस्पॉन्सिबिलिटी (सीएसआर) पहल के तहत मंगलवार को कॉर्बेट टाइगर रिज़र्व को अत्याधुनिक मेडिकल जांच मशीनें नि:शुल्क उपलब्ध कराई। अब कॉर्बेट टाइगर रिजर्व हाईटेक मशीनों से लैस हो गया और वन्यजीवों के स्वास्थ्य परीक्षण और पुनर्वास प्रशिक्षण में यह बेहद उपयोगी सिद्ध होगा।

इस अवसर पर जापान से आए प्रतिनिधिमंडल ने कॉर्बेट पार्क रामनगर पहुंचकर इन मशीनों को औपचारिक रूप से पार्क प्रशासन को सौंपा।

कॉर्बेट टाइगर रिज़र्व की निदेशक डॉ. साकेत बडोला ने आज जानकारी देते हुए बताया कि ढेला क्षेत्र में स्थित रेस्क्यू सेंटर में वर्तमान में 14 तेंदुए और 11 बाघ रखे गए हैं। उन्होंने बताया कि वन मंत्री के निर्देशानुसार रेस्क्यू सेंटर्स के आधुनिकीकरण और सुदृढ़ीकरण का कार्य किया जा रहा है। इसी क्रम में फुजीफिल्म के साथ एक सहयोगात्मक अनुबंध किया गया है।

डॉ. बडोला ने बताया कि फुजीफिल्म द्वारा सीएसआर पहल के अंतर्गत अत्याधुनिक तकनीक की मशीनें निःशुल्क उपलब्ध कराई गई हैं। फुजीफिल्म की टीम ने न केवल मशीनें, बल्कि उनसे संबंधित आवश्यक उपकरण भी कॉर्बेट टाइगर रिज़र्व को सौंपे। उन्होंने उम्मीद जताई कि इन मशीनों का उपयोग रेस्क्यू सेंटर में रखे गए बाघों और तेंदुओं के शारीरिक स्वास्थ्य परीक्षण और पुनर्वास प्रशिक्षण में बेहद उपयोगी सिद्ध होगा।

निदेशक बडोला ने बताया कि ये मशीनें वन्यजीवों के ब्लड पैरामीटर और बॉडी पैरामीटर का विश्लेषण करने में सक्षम हैं। पहले इन जांचों के लिए संस्थान को डब्ल्यूआईआई या आईबीआरआई जैसे बाहरी संस्थानों पर निर्भर रहना पड़ता था लेकिन अब उत्तराखंड के भीतर ही रेस्क्यू सेंटर में सभी आवश्यक जांच संभव हो सकेंगी।

इस अवसर पर जापान से आए कोहिनोमीतू ने कहा कि वे फुजीफिल्म जापान से जुड़े हैं और वर्तमान में भारत में कार्यरत हैं। उन्होंने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि कॉर्बेट टाइगर रिज़र्व जैसे प्रतिष्ठित वन्यजीव संरक्षण क्षेत्र को आधुनिक मशीन उपलब्ध कराना उनके लिए गर्व का विषय है।

वहीं फुजीफिल्म इंडिया की प्रतिनिधि तनु प्रिया बलूनी ने बताया कि फुजीफिल्म ड्राई-कैम पहल के अंतर्गत कॉर्बेट टाइगर रिज़र्व को ड्राई-केमिस्ट्री एनालाइज़र एनएक्स-600वी मशीन प्रदान की गई है। उन्होंने कहा कि इस सहयोग से वन्यजीव संरक्षण और चिकित्सा सुविधाओं को नई मजबूती मिलेगी, जिसे लेकर पूरी टीम उत्साहित है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित