रायपुर , जनवरी 30 -- ) छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने दो दिवसीय नारायणपुर प्रवास के दौरान गढ़बेंगाल स्थित आधुनिक गोटुल का दौरा कर बस्तर की गौरवशाली परंपराओं और समृद्ध लोक-संस्कृति के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता दोहरायी। पारंपरिक वाद्ययंत्रों की गूंज और ग्रामीणों के आत्मीय स्वागत के बीच मुख्यमंत्री लोक-रंग में रंगे नजर आए।
श्री साय ने गोटुल की अनूठी स्थापत्य कला का अवलोकन किया और कहा कि गोटुल प्राचीन काल से ही आदिवासी समाज के लिए शिक्षा, संस्कार और सामाजिक समन्वय का केंद्र रहा है। चेंदरू पार्क के समीप निर्मित यह आधुनिक गोटुल नई पीढ़ी को अपनी सांस्कृतिक जड़ों से जोड़ने के साथ-साथ देश-विदेश से आने वाले पर्यटकों को आदिवासी जीवनशैली और सामाजिक व्यवस्था से परिचित कराने का सशक्त माध्यम बनेगा। यह घोटुल हमारी विरासत के संरक्षण का प्रतीक है।
मुख्यमंत्री ने गोटुल परिसर में युवाओं एवं युवतियों के लिए निर्मित लेय्योर और लेयोस्क कुरमा, साथ ही बिडार कुरमा का निरीक्षण किया, जहां पारंपरिक वेशभूषा, प्राचीन वाद्ययंत्र और सांस्कृतिक सामग्रियों का संग्रह किया गया है। ग्रामीणों के आग्रह पर मुख्यमंत्री ने सगा कुरमा में बस्तर के पारंपरिक व्यंजनों का स्वाद लेकर स्थानीय खान-पान संस्कृति का सम्मान किया।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री के भोजन में गाटो-भात, कोदो-भात, उड़िद दाल, हिरुवा दाल, जीरा भाजी, कनकी पेज, घिरोल फूल भाजी, चाटी भाजी, कांदा भाजी, मुनगा भाजी, इमली आमट, मड़िया पेज, टमाटर चटनी, चिला रोटी, रागी कुरमा, रागी केक, रागी लड्डू और रागी जलेबी परोसी गई।
मुख्यमंत्री ने वैद्यराज पद्मश्री हेमचंद मांझी, पद्मश्री पंडीराम मंडावी और सुप्रसिद्ध लोक कलाकार बुटलू राम से भेंट कर उनका सम्मान किया। इसके साथ ही टाइगर ब्वॉय चेंदरू के परिजनों से भी मुलाकात की।
वन विभाग और पद्मश्री पंडीराम मंडावी के मार्गदर्शन में निर्मित यह गोटुल पूरी तरह इको-फ्रेंडली है, जिसमें लकड़ी, मिट्टी और बांस का उपयोग किया गया है। मुख्यमंत्री ने गोटुल के खंभों पर की गई बारीक नक्काशी की सराहना करते हुए इसे सांस्कृतिक जुड़ाव और विरासत संरक्षण का प्रभावी उदाहरण बताया।
इस दौरान वन मंत्री केदार कश्यप, राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा, छत्तीसगढ़ राज्य लघु वनोपज संघ अध्यक्ष रूपसाय सलाम, जिला पंचायत अध्यक्ष नारायण मरकाम, पद्मश्री पंडीराम मंडावी, लोक कलाकार बुटलू राम और जनप्रतिनिधि संध्या पवार भी उपस्थित रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित