रांची , मार्च 02 -- झारखंड सरकार के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी आज जामताड़ा जिले के सहरडाल पर्वतपाड़ा पहुंचे, जहां उन्होंने आदिवासी समाज के पवित्र छठियार कराम कार्यक्रम में शामिल हुए।
इस अवसर पर आसपास के गांवों एवं पंचायतों से बड़ी संख्या में कुटुंब और ग्रामीण उपस्थित हुए। डॉ. अंसारी के आगमन पर आदिवासी परंपरा और रीति-रिवाज के अनुसार उनका भव्य एवं आत्मीय स्वागत किया गया। पूरे क्षेत्र में उत्सव जैसा माहौल देखने को मिला।
कार्यक्रम के दौरान डॉ. अंसारी ने सभी ग्रामीणों से मुलाकात की और पारंपरिक नियमों का पालन करते हुए ग्रामीणों के साथ पदयात्रा में शामिल हुए। ढोल-नगाड़ों की गूंज और पारंपरिक उल्लास के बीच मंत्री जी तालाब तक पैदल पहुंचे और पुनः जुलूस के साथ गांव लौटे।
ग्रामीणों ने कहा कि यह उनके लिए गर्व की बात है कि उनके मंत्री हर छोटे-बड़े सामाजिक और पारिवारिक कार्यक्रम में उनके बुलावे पर पहुंचते हैं और समाज के सुख-दुख में सहभागी बनते हैं।
अपने संबोधन में डॉ. अंसारी ने कहा कि छठियार कराम में शामिल होना उनके लिए बेहद सौभाग्य और विशेष अनुभव है। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार सामान्य परंपरा में बच्चों का छठी संस्कार होता है, उसी तरह आदिवासी परंपरा में छठियार कराम पूरे गांव के बच्चों का सामूहिक संस्कार है, जिसमें दूर-दराज के सभी कुटुंबों को आमंत्रित किया जाता है और पूरा समाज एक परिवार की तरह एकत्रित होता है।
डॉ. अंसारी ने आगे कहा कि उनका आदिवासी समाज से विशेष लगाव है और वे दिन-रात इस समाज को आगे बढ़ाने के लिए हरसंभव प्रयास करते रहे हैं। उन्होंने कहा कि वे लगातार तीसरी बार जामताड़ा का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं, जिसमें आदिवासी समाज का बहुत बड़ा योगदान रहा है, जिसे वे कभी नहीं भूल सकते। उन्होंने कहा कि आदिवासी समाज के मान-सम्मान, हक और अधिकार की लड़ाई वे पहले भी लड़ते रहे हैं और आगे भी पूरी मजबूती से लड़ते रहेंगे।
कार्यक्रम का समापन पारंपरिक उत्साह, सामूहिक एकता और सामाजिक सौहार्द के संदेश के साथ हुआ। मंत्री जी की सादगी, आत्मीयता और जमीनी जुड़ाव की पूरे क्षेत्र में व्यापक सराहना हो रही है।
इस ऐतिहासिक कार्यक्रम में राजनीतिक सलाहकार निशपती हसदा, सिद्धू-कान्हू संगठन के सचिव कुड़ुस अंसारी, जयराम हसदा, ग्राम मांझी हरन सुबोध हेंब्रम, योग मांझी शिवलाल टुडू, वार्ड पार्षद सुबोध हेंब्रम, कालिदासी मुर्मू, सनातन सोरेन, रामलाल किस्कू सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित थे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित